18 साल का साथ अब खत्म! IPL में फिर कभी पीली जर्सी में नहीं दिखेंगे महेंद्र सिंह धोनी, CSK के फैंस की आंखें हुईं नम​

18 साल का साथ अब खत्म! IPL में फिर कभी पीली जर्सी में नहीं दिखेंगे महेंद्र सिंह धोनी, CSK के फैंस की आंखें हुईं नम​

Mahendra Singh Dhoni : इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास का एक बेहद भावुक अध्याय समाप्त हो गया है। जिस खिलाड़ी को देखने के लिए स्टेडियम में पीला समंदर उमड़ पड़ता था, अब वह मैदान पर बल्ला लेकर उतरता नजर नहीं आएगा। महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल में अपने खिलाड़ी के रूप में सफर को अलविदा कह दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स ने 17 नवंबर को इसकी आधिकारिक घोषणा की। हालांकि, माही का टीम से रिश्ता खत्म नहीं हुआ है। वह अब एक नई जिम्मेदारी के साथ फ्रेंचाइजी से जुड़े रहेंगे।

18 साल बाद धोनी ने लिया बड़ा फैसला

महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 से ही इस टूर्नामेंट का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने अपने आईपीएल करियर के ज्यादातर मुकाबले चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले। बीच में 2016 और 2017 में चेन्नई की टीम निलंबित रही, तब धोनी राइजिंग पुणे सुपरजायंट की ओर से मैदान पर उतरे थे।

अब करीब 18 साल के लंबे सफर के बाद उन्होंने खिलाड़ी के रूप में आईपीएल को अलविदा कह दिया है। खास बात यह है कि महेंद्र सिंह धोनी ने यह फैसला आईपीएल 2027 के रिटेंशन की घोषणा से ठीक पहले लिया। इस खबर ने क्रिकेट फैंस को भावुक कर दिया है।

अब CSK के मेंटर बनकर संभालेंगे जिम्मेदारी

महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स ने उनके लिए नई भूमिका का भी ऐलान किया है। वह आईपीएल 2027 से टीम के मेंटर की जिम्मेदारी संभालेंगे। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। यानी माही अब मैदान पर खिलाड़ी के रूप में नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम में युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते दिखाई देंगे। चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन. श्रीनिवासन ने धोनी के साथ करीब दो दशक के रिश्ते को याद किया। उन्होंने कहा कि धोनी हमेशा टीम की पहचान का हिस्सा रहेंगे और चेन्नई उनका घर रहेगा।

पांच IPL ट्रॉफी और हजारों यादें छोड़ गए थाला

महेंद्र सिंह धोनी का आईपीएल करियर सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं रहा। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता। उनके शांत स्वभाव, आखिरी ओवरों में मैच पलटने की क्षमता और हेलीकॉप्टर शॉट ने उन्हें करोड़ों फैंस का पसंदीदा बनाया।

महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल में 5,439 रन बनाए और कप्तान के रूप में 226 मुकाबलों में टीम की अगुवाई की। साल 2023 में चेन्नई को पांचवीं बार चैंपियन बनाने के बाद उनका सफर लगातार चर्चा में रहा। चोट के कारण वह आईपीएल 2026 में एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए थे। अब पीली जर्सी में महेंद्र सिंह धोनी की बल्लेबाजी देखने का इंतजार खत्म हो गया है। हालांकि, मेंटर के रूप में उनकी मौजूदगी चेन्नई के फैंस को कुछ राहत जरूर देगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *