मौत से पहले ही 80 साल के बुजुर्ग ने मना लिया तेरहवीं का कार्यक्रम, बागपत में आखिर क्यों किया ऐसा, क्या इसकी इजाजत देता है कानून?

मौत से पहले ही 80 साल के बुजुर्ग ने मना लिया तेरहवीं का कार्यक्रम, बागपत में आखिर क्यों किया ऐसा, क्या इसकी इजाजत देता है कानून?
Featured Image

उत्तर प्रदेश के बागपत से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. यहां 80 साल के एक बुजुर्ग ने अपनी मौत का इंतजार करने के बजाय जिंदा रहते ही अपनी तेरहवीं की रस्म पूरी कर ली. इतना ही नहीं, इस मौके पर उन्होंने गांव के करीब 900 लोगों को भोज भी कराया. बुजुर्ग के इस फैसले की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है.

दरअसल, बागपत के जोहरी गांव के रहने वाले बलजोर सिंह अपनी इकलौती बेटी पर मृत्यु के बाद होने वाली पारंपरिक रस्मों की जिम्मेदारी नहीं छोड़ना चाहते थे. इस मामले के सामने आने के बाद सवाल ये है कि क्या कोई जिंदा रहते हुए खुद की तेरहवीं कर सकता है और इसको लेकर क्या कोई कानून या किसी तरह सजा है?

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला बागपत जिले की बड़ौत तहसील के जोहरी गांव का है. यहां रहने वाले 80 वर्षीय बलजोर सिंह ने अपनी तेरहवीं का आयोजन खुद किया. आमतौर पर हिंदू परंपरा में किसी व्यक्ति की मृत्यु के 13वें दिन तेरहवीं की रस्म निभाई जाती है. इसमें हवन और सामूहिक भोज जैसे कार्यक्रम होते हैं. परंपरागत रूप से इन रस्मों की जिम्मेदारी परिवार के बेटे पर होती है लेकिन बलजोर सिंह की कोई संतान के रूप में बेटा नहीं है. उनकी इकलौती बेटी है. ऐसे में वह नहीं चाहते थे कि उनके निधन के बाद बेटी को इन सभी परंपराओं और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी उठानी पड़े.

बलजोर सिंह ने अपने इस फैसले के पीछे की वजह भी बताई. उनका कहना है कि वह अपनी बेटी को भविष्य में होने वाली परेशानियों से बचाना चाहते हैं. इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी जिंदगी में ही तेरहवीं की रस्म पूरी करने का फैसला किया. उन्होंने कहा “मेरे मन में ख्याल आया कि चूंकि मेरा कोई बेटा नहीं है, इसलिए मुझे यह पक्का करना चाहिए कि मेरी बेटी पर इन ज़िम्मेदारियों का बोझ न पड़े. मैं यह काम तब तक कर रहा हूं जब तक मैं ज़िंदा हूं.”

कितने लोगों को खिलाया खाना?

बलजोर सिंह ने अपनी तेरहवीं के आयोजन में मेहमानों के खाने-पीने का भी खास इंतजाम किया था. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। करीब 900 लोगों के लिए भोजन तैयार करने के लिए आठ रसोइयों को लगाया गया था. खाने के मेन्यू में तली हुई रोटी, सब्जियों की करी और कई तरह की मिठाइयां शामिल थीं. गांव के बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन में पहुंचे. पूरे कार्यक्रम को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया.

क्या कहता है कानून?

दरअसल जिंदा रहते हुए अपनी तेरहवीं या प्रीतिभोज करने पर भारत में कोई केंद्रीय कानून या सीधी रोक नहीं है. हालांकि कुछ राज्यों में मृत्यु के बाद होने वाली तेरहवीं के भोज पर रोक लगी है, लेकिन भारत के किसी भी कानून में यह नहीं लिखा है कि कोई व्यक्ति अपने जीवित रहते समाज या रिश्तेदारों को भोजन नहीं करा सकता. इस पर कोई जुर्माना या सजा नहीं होती. जीवित रहते तेरहवीं करने से व्यक्ति कानूनी रूप से ‘मृत’ घोषित नहीं होता. उसके आधार कार्ड, बैंक खाते, संपत्ति के अधिकार और मतदान के अधिकार पूरी तरह वैध और सक्रिय रहते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *