प्रेमिका को पत्नी​​ बनाने के लिए गांव वालों ने कराई शादी, मगर चंद घंटों बाद ही दुल्हन को अकेला छोड़ भागा दूल्हा

प्रेमिका को पत्नी​​ बनाने के लिए गांव वालों ने कराई शादी, मगर चंद घंटों बाद ही दुल्हन को अकेला छोड़ भागा दूल्हा
Featured Image

बिहार के मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग और शादी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां दो साल से प्रेम संबंध में रह रहे प्रेमी जोड़े को गांव वालों ने पकड़ लिया। इसके बाद गांव वालों की मौजूदगी में प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया और सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें भी खाईं। लेकिन शादी के कुछ घंटे बाद ही दूल्हा अपनी नई नवेली पत्नी को छोड़कर फरार हो गया। अब लड़की और उसके परिजन परेशान हैं और युवक की तलाश कर रहे हैं।

दो वर्षों से चल रहा था प्रेम प्रसंग

दरअसल, पूरा मामला धरहरा थाना क्षेत्र के सारोबाग गांव का है। गांव के अनिल मंडल की बेटी का गांव के ही दीपक चौधरी के बेटे गौरव कुमार के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी धीरे-धीरे परिवार वालों को भी हो गई थी।

गांव वालों ने कराई शादी

बताया जा रहा है कि 10 नवंबर की रात गौरव अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिजनों और ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद गांव में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों के कहने पर गौरव ने सबके सामने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर शादी कर ली और उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करते हुए साथ निभाने का वादा किया।

कुछ देर बाद पति हुआ फरार

लेकिन कुछ देर बाद जब लड़के के परिजन मौके पर पहुंचे तो एक बार फिर माहौल बिगड़ने लगा। इसी बीच प्रेमी से पति बना गौरव लोगों को चकमा देकर अपनी पत्नी को वहीं छोड़कर फरार हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब युवक का कोई सुराग नहीं मिला तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

फिलहाल, शादी के कुछ घंटे बाद ही दूल्हे के फरार हो जाने से लड़की और उसके परिजन परेशान हैं। वहीं, युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस को मामले की सूचना दिए जाने की बात सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *