Lucknow News: पंखे से लटका था दुपट्टा, नीचे बेहोश पड़ी थी छात्रा… लखनऊ के फ्लैट में मिला सुसाइड नोट​

Lucknow News: पंखे से लटका था दुपट्टा, नीचे बेहोश पड़ी थी छात्रा… लखनऊ के फ्लैट में मिला सुसाइड नोट​

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित शक्ति अपार्टमेंट में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक फ्लैट के अंदर 22 साल की युवती बेहोशी की हालत में मिली. आननफानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मौके से पुलिस को एक दुपट्टा और डायरी में लिखा हस्तलिखित नोट मिला है. जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है. हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी.

जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान प्रयागराज निवासी शिवानी मिश्रा पुत्री विद्यासागर मिश्रा के रूप में हुई है. वह चिनहट क्षेत्र के शक्ति अपार्टमेंट स्थित फ्लैट नंबर 205 में अपनी दो सहेलियों के साथ रहती थी. शिवानी बीबीडी से पढ़ाई करने के साथ ही नौकरी भी कर रही थी.

अंदर से बंद मिला दरवाजा

पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर की शाम करीब आठ बजे शिवानी की सहेली रिया मिश्रा नौकरी से वापस फ्लैट पहुंची. उसने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसके बाद अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड की मदद ली गई और सीढ़ियों की तरफ से दरवाजा खुलवाया गया. अंदर पहुंचने पर शिवानी जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़ी मिली. घटना की जानकारी मिलते ही उसके मित्र अभिषेक चौधरी की मदद से शिवानी को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

कमरे में मिला दुपट्टा और नोट

घटना की सूचना पर चिनहट पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने फ्लैट के कमरे की बारीकी से जांच की. इस दौरान पंखे से लटका हुआ एक दुपट्टा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया. इसके अलावा कमरे में रखी डायरी से आत्महत्या से संबंधित एक हस्तलिखित नोट भी मिला है. पुलिस नोट की लिखावट और उसमें दर्ज तथ्यों की जांच करा रही है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है. सुरक्षा गार्ड से भी पूछताछ की गई है. शुरुआती जांच में अभी तक कोई संदिग्ध तथ्य सामने नहीं आया है. घटना की जानकारी मिलने पर शिवानी के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए. पुलिस उनसे बातचीत कर रही है और पारिवारिक, व्यक्तिगत सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों के आधार पर ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *