सहारनपुर की पटाखा फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 2 की मौत; कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

सहारनपुर की पटाखा फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 2 की मौत; कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

Saharanpur News: सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र के कुंडा बसी गांव स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार शाम भीषण विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहतबचाव अभियान शुरू कर दिया गया.

सहारनपुर की पटाखा फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 2 की मौत; कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

धमाके के बाद फैक्ट्री में लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद वहां आग लग गई. धमाके की वजह से फैक्ट्री का एक हिस्सा पूरी तरह ढह गया. हादसे के समय अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कुछ मजदूरों के शव दूर जा गिरे. बताया जा रहा कि एक शव करीब 400 मीटर दूर जाकर मिला. हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई.

आसपास के घर भी हिल गए

स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के घर और झोपड़ियां तक हिल गईं. विस्फोट के तुरंत बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की. इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मोर्चा संभाला.

मलबे में लोगों की तलाश जारी

प्रशासन ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है. हालांकि आशंका है कि फैक्ट्री के मलबे में अभी भी कई लोग फंसे हो सकते हैं. इसी को देखते हुए राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है.

एसएसपी और डीएम पहुंचे मौके पर

हादसे की सूचना मिलते ही सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन और डीएम अरविंद चौहान घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. दोनों अधिकारी राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं. संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.

पुलिस का कहना है कि विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि पटाखा फैक्ट्री के पास वैध लाइसेंस था या नहीं और वहां सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं. प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *