लॉकर में भी सुरक्षित नहीं आपके जेवर! लखनऊ में इंडियन बैंक की शाखा से 1 करोड़ का माल चोरी; मचा हड़कंप​

लॉकर में भी सुरक्षित नहीं आपके जेवर! लखनऊ में इंडियन बैंक की शाखा से 1 करोड़ का माल चोरी; मचा हड़कंप​

अक्सर लोग जीवन की जमा पूंजी बैंकों के लॉकर में जमाकर उसकी सुरक्षा के प्रति निश्चिंत हो जाते है. लेकिन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लॉकर धारकों की नींद उड़ा दी है. यहां चौक स्थित इंडियन बैंक की सिटी शाखा के लॉकर से करीब 1 करोड़ रुपये से भी अधिक कीमत के जेवर चोरी हो गए हैं. लॉकर धारक महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक लॉकर धारक गीता दीक्षित ने शिकायत दी है. उनके पति रवि प्रकाश दीक्षित मेडिकल अफसर हैं. दोनों 19 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे बैंक पहुंचे थे. वहां इन्होंने अपना लॉकर खोला तो पता चला कि इसमें रखा स्टील का बॉक्स चोरी हो चुका है. यह देखकर गीता दीक्षित के तो होश ही उड़ गए. वह वहीं लॉकर के सामने ही सिर पकड़कर रोने लगी.

लॉकर में थे पुश्तैनी आभूषण

गीता दीक्षित ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि लॉकर में ना केवल उनकी जीवन भर की जमा पूंजी थी, बल्कि पुश्तैनी आभूषण भी इसी में रखे थे. करीब दो साल पहले उन्होंने अपनी शादी के सभी आभूषणों के साथ ही पुश्तैनी आभूषण भी लाकर इस लॉकर में रख दिए थे. इसमें सोने की चेन, चूड़ियां, अंगूठियां, झुमके और देवीदेवताओं की मूर्तियां आदि शामिल हैं. अब यह सभी जेवर और सामान लॉकर से गायब हैं.

बैंक पर सहयोग नहीं करने का आरोप

पीड़िता गीता दीक्षित ने बताया कि लॉकर खाली देखकर उन्होंने बैंक में खूब शोर मचाया और शाखा प्रबंधक मनीष मैठाणी को बुलवाकर लॉकर दिखाया. फिर उन्हें लिखित में अपनी शिकायत दी. बावजूद इसके, बैंक ने उन्हें सहयोग नहीं किया. इसके बाद उन्होंने चौक कोतवाली में तहरीर दी है. पुलिस के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। बैंक के सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

गीता दीक्षित का रोरोकर हुआ बुरा हाल

घटना के बाद से ही लॉकर होल्डर गीता दीक्षित का रोरोकर बुरा हाल है. उन्होंने बताया कि लॉकर में उन्हें जेवर नहीं, अपनी भावनाओं को सुरक्षित किया था. इसमें उनके बुजुर्गों की निशानियां थीं. उनके पिता ने बेटियों के लिए कुछ गहने जोड़े थे, इसके अलावा कुछ गहने उन्होंने खुद बनवाए थे. इसके अलावा उनकी शादी में मिले गहने भी इसी लॉकर में थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *