रायसेन में ब्लैकमेलिंग से तंग आकर कॉलेज छात्रा ने दी जान, सुसाइड नोट ने खोला राज, क्लासमेट गिरफ्तार​

रायसेन में ब्लैकमेलिंग से तंग आकर कॉलेज छात्रा ने दी जान, सुसाइड नोट ने खोला राज, क्लासमेट गिरफ्तार​

Raisen Student Suicide: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के बरेली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटपार गणेश से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. महीनों से चल रही ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर एक होनहार कॉलेज छात्रा ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मरने से पहले छात्रा ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए तीन युवकों को जिम्मेदार ठहराया है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है.

जानकारी के मुताबिक, बरेली थाना क्षेत्र के ग्राम कोटपार गणेश निवासी कॉलेज छात्रा पिछले कई महीनों से मानसिक दबाव में थी. घटना वाली सुबह जब वह काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो मां ने दरवाजा खटखटाया. अंदर से कोई आहट न मिलने पर अनहोनी की आशंका से परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तो भीतर छात्रा पंखे के फंदे से लटकी मिली.

बेटी को फंदे पर देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और घर में कोहराम मच गया. सूचना मिलते ही बरेली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतका के पिता भगवान सिंह धाकड़ समेत पूरे परिवार का रोरोकर बुरा हाल है.

सुसाइड नोट से उतरा नकाब: वीडियो कॉल कर ब्लैकमेल करते थे तीन युवक

पुलिस जांच के दौरान बरामद हुए सुसाइड नोट में छात्रा ने तीन युवकों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है. सुसाइड नोट के मुताबिक, मुख्य आरोपी शिवम धाकड़, जो मृतका का दूर का रिश्तेदार और सहपाठी भी था, उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था. इस मामले में शिवम के दो दोस्त रविंद्र धाकड़ और शेखर धाकड़ भी शामिल थे, जो छात्रा को वीडियो कॉल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित और ब्लैकमेल करते थे. समाज में बदनामी के डर से छात्रा ने यह बात परिजनों से छिपाई और अंतत यह आत्मघाती कदम उठा लिया.

बरेली एसडीओपी कुंवर सिंह मुकाती और पुलिस प्रशासन के अनुसार, सुसाइड नोट व परिजनों की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम धाकड़ को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार चल रहे रविंद्र धाकड़ और शेखर धाकड़ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *