2017 वाली गलती नहीं दोहराना चाहते हैं अखिलेश… इसलिए कांग्रेस को दे रहे हैं सिर्फ 26 सीट?​

2017 वाली गलती नहीं दोहराना चाहते हैं अखिलेश… इसलिए कांग्रेस को दे रहे हैं सिर्फ 26 सीट?​

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों का पेच उलझता जा रहा है. कांग्रेस जहां 100 से ज्यादा सीटों पर दावेदारी कर रही है, वहीं समाजवादी पार्टी ने 26 सीटों का प्रस्ताव रखा है. अखिलेश यादव ने भी 26 सीटों को जीत की शुरुआत बताते हुए कहा है कि बातचीत आगे बढ़ेगी. सवाल है कि क्या अखिलेश यादव 2017 के चुनाव में कांग्रेस को 105 सीटें देने के अपने फैसले को दोहराना नहीं चाहते? क्या इस बार सपा गठबंधन में कांग्रेस को सीमित हिस्सेदारी देकर खुद ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है?

2017 में कांग्रेस को 105 सीटें, नतीजा सिर्फ 7 पर जीत

2017 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था. उस वक्त अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे और दोनों दलों ने बीजेपी को रोकने के लिए गठबंधन किया था. सीटों के बंटवारे में सपा ने 298 और कांग्रेस ने 105 सीटों पर चुनाव लड़ने का फॉर्मूला तय किया था. हालांकि, चुनाव में गठबंधन को अपेक्षित सफलता नहीं मिली. कांग्रेस 105 सीटों के समझौते के बावजूद सिर्फ 7 सीटें जीत सकी, जबकि सपा को 47 सीटें मिलीं. बीजेपी ने 312 सीटें जीतकर सरकार बनाई.

इस चुनाव के बाद गठबंधन के सीट बंटवारे और दोनों दलों के बीच तालमेल को लेकर सवाल उठे. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। कांग्रेस को दी गई सीटों के मुकाबले उसका प्रदर्शन बेहद सीमित रहा. ऐसे में 2027 के चुनाव में अखिलेश यादव के सामने सवाल है कि क्या कांग्रेस को फिर बड़ी संख्या में सीटें दी जाएं या फिर हर सीट पर जीतने की संभावना और संगठन की ताकत को आधार बनाया जाए?

2022 और 2024 के चुनाव ने बदला समीकरण

2022 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस अलगअलग मैदान में उतरे. सपा ने 111 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को 2 सीटों पर जीत मिली. कांग्रेस ने 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे. कांग्रेस सिर्फ 12 सीट पर जमानत बचा पाई थी. इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल फिर साथ आए. इस चुनाव में सपा ने 62 सीटों पर चुनाव लड़कर 37 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 6 सीटों पर जीत हासिल की.

लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस का दावा है कि यूपी में उसका राजनीतिक आधार बढ़ा है. राहुल गांधी की सक्रियता और 2024 में मिली सफलता को आधार बनाकर पार्टी विधानसभा चुनाव में भी ज्यादा सीटें चाहती है. कांग्रेस की शुरुआती मांग 181 सीटों की बताई गई थी. बाद में बातचीत के दौरान पार्टी ने अपनी सूची घटाकर करीब 130 सीटों तक कर दी.

अखिलेश का 26 सीटों पर जोर

सीट बंटवारे पर बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई. सपा सांसद राजीव राय और रामगोपाल यादव ने 26 सीटों के प्रस्ताव की जानकारी दी. रामगोपाल यादव के मुताबिक, इस प्रस्ताव में दो ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस पहले जीत चुकी है. चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी. बाकी 20 सीटों पर सपा का दावा है कि पिछले चुनाव में उसे 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को करीब दो हजार वोट ही मिले थे.

अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर 26 सीटों से बातचीत की शुरुआत होने की बात कही. उन्होंने कहा कि जीतने वाली पहली 26 सीटों से शुरुआत हुई है और मिलजुलकर समझदारी से बात आगे बढ़ेगी. अखिलेश का जोर सीटों की संख्या के बजाय जीतने की संभावना पर है. उनका कहना है कि गठबंधन चुनाव जीतने के लिए होते हैं और प्रत्याशी का चयन चुनावी समीकरण और जीत की संभावना को देखकर होना चाहिए.

हालांकि, कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने 26 सीटों के प्रस्ताव की जानकारी होने से इनकार किया. उनका कहना है कि बातचीत अभी जारी है और हर सीट पर चर्चा की जाएगी. कांग्रेस नेताओं ने यह भी साफ किया है कि सीटों पर अंतिम फैसला होने तक बातचीत के कई दौर होंगे.

कांग्रेस को 2017 से कम सीटें देने की तैयारी?

सियासी तौर पर 26 सीटों का प्रस्ताव 2017 के फॉर्मूले से बिल्कुल अलग है. उस समय कांग्रेस को 105 सीटें दी गई थीं, जबकि इस बार सपा की ओर से शुरुआती प्रस्ताव महज 26 सीटों का है. यानी सपा कांग्रेस को पिछली बार के मुकाबले काफी सीमित हिस्सेदारी देने की बात कर रही है. हालांकि, यह अभी शुरुआती प्रस्ताव है और अंतिम समझौता नहीं हुआ है. अखिलेश यादव के सामने 2027 में अपनी पार्टी की सीटों और सहयोगी दलों के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है. सपा को छोटे सहयोगी दलों के लिए भी सीटें छोड़नी हैं. ऐसे में कांग्रेस की बड़ी मांग स्वीकार करना पार्टी के लिए आसान नहीं होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *