Kanpur News: कानपुर के चकेरी क्षेत्र में एक पिता के गहरे दुख और टूट जाने की बेहद मार्मिक घटना सामने आई है. चार महीने पहले रामादेवी पुल के नीचे जिस रेलवे ट्रैक पर उनके बेटे सचिन तिवारी ने आत्महत्या की थी, गुरुवार रात 55 वर्षीय पिता प्रकाश नारायण तिवारी ने भी ठीक उसी जगह पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी. शुक्रवार सुबह ट्रैक पर उनका शव क्षतविक्षत हालत में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया. पहले जवान बेटे और अब घर के मुखिया की मौत से परिजन बदहवास हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

चकेरी के शिवकटरा हरिजन बस्ती निवासी प्रकाश नारायण तिवारी पंडिताई और पूजापाठ कर अपने परिवार का भरणपोषण करते थे. परिवार में पत्नी सुमन तिवारी, बेटा अनुज तिवारी, बेटी प्रीति तिवारी और दामाद मनीष दीक्षित हैं.
परिजनों के मुताबिक, प्रकाश नारायण गुरुवार शाम करीब पांच बजे घर से मंदिर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. तलाश के बाद शुक्रवार सुबह बेटी प्रीति चकेरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची, जहां पुलिस से पता चला कि रामादेवी पुल के नीचे रेलवे ट्रैक पर उनका शव मिला है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है और शुरुआती जांच में उनके मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है.
बेटे की यादों और सदमे ने भीतर ही भीतर तोड़ दिया था
परिजनों ने बताया कि प्रकाश नारायण अक्सर बेटे सचिन से कहा करते थे कि वह उनके कंधों का बोझ हल्का करेगा, लेकिन किस्मत ने उन्हें ही बेटे की अर्थी को कंधा देने पर मजबूर कर दिया. सचिन की मौत के बाद से ही वे गहरे सदमे में थे. बेटे के बचपन से लेकर पालनपोषण और शादी तक की यादें उन्हें हर पल सताती रहती थीं.
बहन रीति तिवारी के अनुसार, प्राइवेट नौकरी करने वाले सचिन की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग सचिन को प्रताड़ित कर रहे थे, फोन पर गालीगलौज करते थे और उल्टा 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे. इसी विवाद से तंग आकर शादी के महज दो महीने बाद सचिन ने रामादेवी पुल के नीचे ट्रेन से कटकर जान दे दी थी.