बरेली में धान काटकर लौट रहा था किसान, रास्ते में बदमाशों ने बांकागंडासे से काटे नाककान, 5 पर FIR​

बरेली में धान काटकर लौट रहा था किसान, रास्ते में बदमाशों ने बांकागंडासे से काटे नाककान, 5 पर FIR​

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक किसान पर जानलेवा हमला करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. खेत से धान काटकर घर लौट रहे 33 वर्षीय किसान रविंद्र को रास्ते में घेरकर पांच लोगों ने बांका और गंडासे से हमला कर दिया. इस हमले में रविंद्र की नाक और कान कट गए, जबकि सिर, माथे और चेहरे पर भी धारदार हथियारों से गंभीर चोटें आईं. लहूलुहान हालत में मिले किसान को पहले नवाबगंज सीएचसी और जिला अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद हालत नाजुक होने पर डेलापीर स्थित चंद्रकांती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

कल्याणपुर गांव निवासी भारत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई रविंद्र खेत से धान काटकर घर लौट रहा था. रास्ते में गांव के ही देवेंद्र, सूरजपाल, मुखिया, विनोद और रवि पहले से बांका और गंडासे लेकर मौजूद थे. अकेला पाकर आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया, जिससे रविंद्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

मरा समझकर मौके से फरार हुए हमलावर

भारत सिंह के मुताबिक, रविंद्र की चीख सुनकर पिता नत्थूलाल और भाई आकाश मौके पर पहुंचे, जिन्हें आता देख हमलावर रविंद्र को मरा समझकर भाग निकले. परिजन गंभीर रूप से घायल रविंद्र को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज और फिर जिला अस्पताल ले गए, लेकिन हालत चिंताजनक बने रहने पर उसे डेलापीर स्थित चंद्रकांती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.

पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, दबिश दे रही पुलिस

घटना के बाद भाई भारत सिंह ने हाफिजगंज थाने में पांचों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. हाफिजगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी को पकड़कर जेल भेजा जाएगा. पुलिस पुरानी रंजिश समेत हमले के अन्य कारणों की भी गहनता से जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *