
Good Bad Omens: पशु-पक्षियों में एक विशेष छठी इंद्री होने की बात विज्ञान और अध्यात्म दोनों में चर्चा का विषय रही है. हमारे पूर्वज पशुओं के व्यवहार को देखकर भविष्य की घटनाओं का पूर्वानुमान लगा लेते थे. खासतौर पर कुत्ते और बिल्लियों में अद्भुत शक्तियों को पहचानने की क्षमता मानी गई है. बिल्लियों की इन रहस्यमयी शक्तियों की बात सिर्फ मान्यताओं में ही नहीं, बल्कि आधुनिक साहित्य में भी मिलती है. ब्राउन यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक डेविड डोसा ने अपनी पुस्तक ‘मेकिंग राउंड्स विद ऑस्कर’ (2009) में एक ऐसी बिल्ली का जिक्र किया है, जो अस्पताल में मृत्यु के करीब पहुंचे मरीजों को पहले ही पहचान लेती थी. वह बिल्ली जिस मरीज के पास जाकर बैठती, उसकी कुछ ही घंटों में मृत्यु हो जाती. ऐसे में क्या बिल्लियां वाकई में हमारे आसपास की अदृश्य ऊर्जा को महसूस कर सकती हैं? आइए जानते हैं बिल्ली से जुड़े कुछ शकुन-अपशकुन.
बिल्ली से मिलने वाले शुभ-अशुभ संकेत
जब बिल्ली दे शुभ संकेत- अगर आप किसी महत्वपूर्ण कार्य के लिए घर से बाहर निकल रहे हैं और आपको बिल्ली अपने मुंह में मांस का टुकड़ा दबाए हुए दिखाई दे, तो इसे अत्यंत शुभ माना जाता है. यह इस बात का संकेत है कि आपका कार्य निर्विघ्न संपन्न होगा.
बच्चों के साथ बिल्ली- अगर बिल्ली अपने बच्चों के साथ दिखाई दे, तो यह खुशहाली का प्रतीक है. इसका अर्थ है कि जल्द ही आपकी मुलाकात किसी पुराने मित्र या प्रिय रिश्तेदार से हो सकती है, या आपको कोई शुभ समाचार मिल सकता है.
जब बिल्ली दे चेतावनी- कुत्ते की तरह बिल्ली का रोना भी अशुभ माना जाता है. अगर आपको बार-बार बिल्ली के रोने की आवाज सुनाई दे या बिल्लियां आपस में लड़ती दिखें, तो यह आने वाली किसी बड़ी मुसीबत या कार्य में विफलता का संकेत हो सकता है.
बिल्ली का रास्ता काटना- यह सबसे प्रचलित मान्यता है. अगर बिल्ली रास्ता काट जाए, तो माना जाता है कि उस कार्य में बाधा आ सकती है. इसलिए बिल्ली से जुड़े इस संकेत को बेहद अपशकुन माना जाता है.
सोती हुई बिल्ली- अचानक सोती हुई बिल्ली का दिखना इस बात की ओर इशारा करता है कि आपको कोई छोटी-मोटी स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो सकती है. इसके अलावा शकुन शास्त्र में बिल्ली का मनुष्य के शरीर से स्पर्श या विशिष्ट व्यवहार बहुत गंभीर माना गया है.
लांघना या कूदना- अगर कोई बिल्ली सोए हुए व्यक्ति को लांघकर निकल जाए, तो इसे मृत्यु तुल्य कष्ट का सूचक माना गया है. वहीं, सोते हुए व्यक्ति पर बिल्ली का कूदना भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी या संकट का इशारा होता है.
अंगों को सूंघना या चाटना- अगर बिल्ली सोते हुए व्यक्ति के पैर सूंघती है, तो वह व्यक्ति बीमार पड़ सकता है. जबकि ना राजदंड (कानूनी मुसीबत या अपमान) मिलने का संकेत माना जाता है. वहीं, महिलाओं के मामले में, अगर बिल्ली उनके सिर को सूंघती है तो पति पर संकट और पैर चाटती है तो खुद महिला के स्वास्थ्य पर बड़ा खतरा होने की आशंका जताई गई है.



