
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित सेक्टर150 की एल्डिको सोसाइटी में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद से ही सोसाइटी में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। जिसके बाद दोनों को टैंक से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान शशिकांत शर्मा , निवासी करौली , और आकाश , निवासी फिरोजाबाद , के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शशिकांत शर्मा एल्डिको सोसाइटी के एसटीपी टैंक की सफाई का कार्य कर रहे थे। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसी दौरान वह अचानक टैंक के भीतर बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें बचाने के लिए सोसाइटी का सुरक्षा गार्ड आकाश बिना सुरक्षा उपकरणों के टैंक में उतर गया, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया।
रेस्क्यू टीम ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि एसटीपी टैंक के भीतर जहरीली गैस के कारण दोनों की जान गई। विस्तृत कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।