Bareilly News : कांवड़ यात्रा और उर्स की तैयारियों में जुटा पुलिस प्रशासन

Bareilly News : कांवड़ यात्रा और उर्स की तैयारियों में जुटा पुलिस प्रशासन
Bareilly News : कांवड़ यात्रा और उर्स की तैयारियों में जुटा पुलिस प्रशासन

बरेली, अमृत विचार। कांवड़ यात्रा और उर्सएआला हजरत को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गई है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार और पंडित राधेश्याम कथावाचक स्मृति भवन में हुई बैठकों में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां 25 जुलाई तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। कांवड़ यात्रा में किसी भी तरह की नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी। यात्रा मार्गों पर गड्ढे, जलभराव, लटकते बिजली के तार, रास्ते में रखे ट्रांसफार्मर और अन्य बाधाओं को यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में दूर कराया जाए। नगर निगम, नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए। बैठक में लोगों ने रोडवेज के सामने पेड़ों में उलझे बिजली के तार, मोहनपुर रोड पर जलभराव, लाल फाटक पुल की सर्विस रोड के गड्ढे, तपेश्वरनाथ मंदिर के सामने सड़क और वनखंडीनाथ मंदिर मार्ग पर ट्रांसफार्मर हटाने जैसी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने इन सभी मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जोन और सेक्टर में बांटा जाएगा कांवड़ मार्ग, 24 घंटे होगी निगरानी
पुलिस विभाग को पूरे कांवड़ मार्ग को जोन और सेक्टर में बांटकर 24 घंटे निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और कानूनव्यवस्था पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को सीमाओं पर वाहनों की सघन जांच, ओवरलोडिंग रोकने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। लोक निर्माण विभाग को सड़कें दुरुस्त करने, पुलों की रेलिंग, स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरे समय पर लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र और जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग को होटल, ढाबों और भोजनालयों की नियमित जांच कर रेट लिस्ट प्रदर्शित कराने तथा ओवररेटिंग पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

डीजे और झांकी की ऊंचाई रहेगी 12 फीट
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि कांवड़ यात्रा में डीजे और झांकी की ऊंचाई वाहन सहित 12 फीट से अधिक नहीं होगी। परंपरागत मार्ग से हटकर कोई आयोजन नहीं किया जाएगा। बाहर से डीजे मंगाने पर संबंधित थाने को सूचना देना अनिवार्य होगा। ऐसे गीत नहीं बजाए जाएंगे, जिनसे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों। प्रत्येक कांवड़ जत्थे के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। यात्रा मार्ग पर स्टंटबाजी, अफवाह फैलाने और कानूनव्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश साझा न करने और कांवड़ यात्रा एवं उर्स को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *