
काठमांडू। भारतनेपाल सीमा से सटे नेपाल के सुनसरी जिले में सांप्रदायिक झड़प के बाद तनाव फैल गया है। हिंसा में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सुरक्षाकर्मियों समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में अनिश्चितकालीन निषेधाज्ञा लागू कर दी है। जिला प्रशासन के अनुसार, कोशी प्रांत के सुनसरी जिले के पांच प्रमुख बाजार क्षेत्रों में सोमवार सुबह सात बजे से अगले आदेश तक प्रतिबंधात्मक आदेश प्रभावी रहेगा। इस दौरान चार या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस, धरना, प्रदर्शन और जनसभाओं पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
लाउडस्पीकर और धार्मिक झंडे को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात देवगंज ग्राम पंचायत के कप्तानगंज इलाके में दो अलगअलग धार्मिक समुदाय अपनेअपने कार्यक्रम आयोजित कर रहे थे। इसी दौरान लाउडस्पीकर के इस्तेमाल और धार्मिक झंडे लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। इस दौरान की गई गोलीबारी में 24 वर्षीय ओम प्रकाश मेहता की मौत हो गई।
सुरक्षाकर्मियों समेत कई लोग घायल
पुलिस के अनुसार, झड़प में सुरक्षाकर्मियों सहित 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज चल रहा है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
निषेधाज्ञा तोड़ने पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नियम तोड़ने पर 500 नेपाली रुपये तक का जुर्माना, एक महीने तक की जेल, या दोनों सजा दी जा सकती है।
भारतनेपाल सीमा के लिए अहम इलाका
सुनसरी जिला दक्षिणपूर्वी नेपाल में स्थित है और इसकी सीमा भारत के बिहार राज्य से लगती है। यह क्षेत्र दोनों देशों के बीच व्यापार और आवागमन के प्रमुख मार्गों में शामिल है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।