
रामपुर, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अंतर्गत दिल्लीलखनऊ हाईवे पर गुरुवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे रोडवेज बस और ट्रैक्टरट्रॉली की टक्कर हो गई। सड़क हादसे में ट्रॉली में सवार 13 वर्षीय सातवीं की छात्रा प्रियंका की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि कईं बच्चों और महिलाओं सहित सहित 16 लोग ज़ख़्मी हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं मृतक छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भेज दियाहै।
मृतक छात्रा प्रियंका सहित सभी घायल मुरादाबाद जिले के थाना मुंडापांडे क्षेत्र के हसनगंज बेलबाड़ी के माजरा के रहने वाले हैं। सभी लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर रामपुर जिले के पसियापुर गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल हुए और भात देकर गुरुवार सुबह अपने गांव लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े 4 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। घायलों के अनुसार बरेली की ओर से आ रही रोडवेज बस ने पीछे से ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मारी, जिसके बाद अफरातफरी मच गई। वहीं मृतक छात्रा प्रियंका के पिता वीर सिंह तीन बच्चे 14 वर्षीय बेटा, 8 वर्षीय बेटी भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। थाना प्रभारी ओंकार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवा दिया है। बस के यात्रियों को दूसरी बस में बैठा दिया गया था। कोई बस यात्री चोटिल नहीं हुआ।
ये हुए घायल: छात्रवती , फूलवती , भगवती , जमुना देवी , राधेश्याम , तुलसा , आकाशवती , अनारकली , विवेक , अंशु , पिंटू , ट्रैक्टर चालक, सुशीला , हंसिया , राजेश और पप्पू सहित अन्य घायल हैं।