गाजीपुर में बीच सड़क पति ने पत्नी का गला रेता…मौत; फिर 8 महीने की बेटी को लेकर थाने पहुंचा

गाजीपुर में बीच सड़क पति ने पत्नी का गला रेता…मौत; फिर 8 महीने की बेटी को लेकर थाने पहुंचा

Ghazipur murder Case:उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया. मुबारकपुर गांव में घरेलू विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी. महिला अपनी जान बचाने के लिए करीब 100 मीटर तक सड़क पर दौड़ती रही, लेकिन आरोपी ने उसे पकड़ लिया और वारदात को अंजाम दे दिया. घटना के बाद आरोपी अपनी आठ माह की मासूम बेटी को साथ लेकर खुद थाने पहुंच गया, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

गाजीपुर में बीच सड़क पति ने पत्नी का गला रेता…मौत; फिर 8 महीने की बेटी को लेकर थाने पहुंचा

मृतका की पहचान कुसुम प्रजापति के रूप में हुई है. वह शादियाबाद थाना क्षेत्र के कस्बा कोईरी गांव की रहने वाली थी और शादियाबाद कस्बे में ब्यूटी पार्लर संचालित कर अपने परिवार का पालनपोषण करती थी. वहीं आरोपी रवि उर्फ हनी गुरैनी गांव का निवासी है और ऑर्केस्ट्रा का संचालन करता है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है.

पहली शादी टूटने के बाद हुई थी दूसरी शादी

कुसुम की पहली शादी करीब 10 वर्ष पहले आजमगढ़ के एक युवक से हुई थी. विवाद के चलते दोनों अलग हो गए, जिसके बाद वह अपनी बेटी के साथ शादियाबाद में रहने लगी. वर्ष 2023 में उसकी मुलाकात रवि उर्फ हनी से हुई और दोनों साथ रहने लगे. बाद में कुसुम ने रवि पर शादी का दबाव बनाया. पहले रवि ने इनकार किया, जिस पर कुसुम ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया. बाद में समझौता हुआ और वर्ष 2024 में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली. शादी के बाद दोनों किराए के मकान में रह रहे थे.

छेड़खानी के मामले के बाद बढ़ा तनाव

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से पतिपत्नी के बीच विवाद चल रहा था. इसी दौरान एक महिला ने रवि पर छेड़खानी का आरोप लगाया था. बताया जाता है कि कुसुम भी उस महिला के साथ थाने गई थी. पुलिस जांच में रवि छेड़खानी के आरोप से निर्दोष पाया गया, हालांकि शांति भंग की आशंका में उसका चालान किया गया. जमानत पर रिहा होने के बाद वह घर लौटा और काफी गुस्से में था.

सड़क पर दौड़ाकर की हत्या

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार शाम रवि हाथ में चाकू लेकर कुसुम के ब्यूटी पार्लर पहुंचा और उसे बाहर बुलाया. जैसे ही कुसुम बाहर आई, उसने हमला करने की कोशिश की. जान बचाने के लिए कुसुम सड़क पर दौड़ पड़ी, लेकिन आरोपी ने करीब 100 मीटर तक उसका पीछा किया और पकड़कर चाकू से उसका गला रेत दिया. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और लोगों के पहुंचने से पहले ही कुसुम की मौत हो चुकी थी.

बेटी को लेकर थाने पहुंचा आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

वारदात के बाद आरोपी अपनी आठ माह की बेटी को साथ लेकर सीधे शादियाबाद थाने पहुंच गया. स्थानीय लोगों का दावा है कि घटना के दौरान उसने बेटी से आपत्तिजनक टिप्पणी भी की, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा रामकृष्ण ने बताया कि घटना सोमवार शाम करीब सात बजे की है. मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी रवि उर्फ हनी पुलिस हिरासत में है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के सभी कारणों की पड़ताल की जा रही है.

ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *