
सीतापुर। संदना थाना क्षेत्र में मिली सिरकटी लाश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक की हत्या कथित तौर पर उसकी प्रेमिका ने अपने परिजनों और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर की। पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस की ओर से आधिकारिक खुलासा अभी बाकी है।
खेत में बुलाकर की गई हत्या
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान खैराबाद थाना क्षेत्र के बाहुनगर गांव निवासी भुपई यादव के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि कथित प्रेमिका शशि ने फोन कर भुपई को गांव के बाहर खेत में बुलाया, जहां पहले से उसका भाई रिंकू, पुत्र बादल उर्फ सूरज और दूसरी महिला के पति राजकुमार मौजूद थे। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपियों ने धारदार हथियार से भुपई की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए सिर को धड़ से अलग कर दिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बांका, चाकू और शव का सिर भी बरामद कर लिया है।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि भुपई यादव के पहले शशि से कथित प्रेम संबंध थे और उसका गांव में अक्सर आनाजाना था। बाद में भुपई के गांव की ही एक अन्य महिला से नजदीकियां बढ़ गईं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद गहरा गया। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई।
पुराने हत्या मामले से भी जुड़ा था नाम
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शशि के पति की हत्या के पुराने मामले में भी भुपई यादव का नाम सामने आया था। हालांकि, साक्ष्यों के अभाव में वह उस मामले में बरी हो गया था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या वर्तमान वारदात का संबंध पुराने विवाद से भी जुड़ा है।
चार लोगों से पूछताछ जारी
घटना के खुलासे के लिए एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और कई थानों की पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने शशि, उसके भाई रिंकू, पुत्र बादल उर्फ सूरज और राजकुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। मिश्रिख क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट मिले हैं। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।