
बदायूं, अमृत विचार। सावन माह में कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कछला और कासगंज के लहरा घाट पर जल भरने आने वाले कांवड़ियों व श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा के मद्देनजर जिले में बड़ा ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा लगातार कांवड़ मार्ग और गंगा घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं।
इस व्यवस्था के तहत ट्रक, ट्राला, डीसीएम, ट्रैक्टरट्रॉली जैसे भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है। यह व्यवस्था सावन के महीने में हर शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार रात 8 बजे तक लागू रहेगी। वहीं, महाशिवरात्रि के पर्व पर यह डायवर्जन मंगलवार रात 8 बजे तक जारी रहेगा।
इन तारीखों पर रहेगा विशेष फोकस
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि सावन का पहला सोमवार 3 अगस्त को है। दूसरा सोमवार 10 अगस्त को और 11 अगस्त को महाशिवरात्रि है। इसके बाद तीसरा सोमवार 17 अगस्त और चौथा सोमवार 24 अगस्त को है। इन तिथियों के चलते वाहनों को उनके लिए निर्धारित रूट पर ही भेजा जाएगा। शहर से कछला स्थित गंगा घाट तक कांवड़ियों के वाहनों के अलावा अन्य सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
यहां देखें भारी वाहनों का पूरा डायवर्जन प्लान:
फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर से आगरा, मथुरा, अलीगढ़: ये वाहन उसावां, म्याऊं पुलिस चौकी से डहरपुर, दातागंज, गंगा एक्सप्रेसवे, वजीरगंज टोल प्लाजा, बिल्सी, मुजरिया, सहसवान, गुन्नौर, नरौरा होते हुए जाएंगे।
बरेली से कासगंज, आगरा, अलीगढ़: गैनी, आंवला, बिसौली, सहसवान, गुन्नौर, नरौरा होते हुए।
मुरादाबाद, संभल से कासगंज, आगरा: चंदौसी, बहजोई, बबराला, गुन्नौर, नरौरा होकर।
मुरादाबाद, चंदौसी से फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर: बिसौली, वनकोटा से गंगा एक्सप्रेसवे, दातागंज के डहरपुर टोल प्लाजा होते हुए।
कासगंज, आगरा से फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर: गुन्नौर, सहसवान, बिसौली, वजीरगंज , डहरपुर होकर।
कासगंज, आगरा से बरेली: नरौरा, गुन्नौर, सहसवान, बिसौली, आंवला, अलीगंज होकर।
रोडवेज बसें व हल्के वाहनों का रूट:
बदायूं से बरेली: भगत सिंह चौकी से कुंवरगांव, आंवला, अलीगंज, गैनी, रामगंगा होते हुए।
बदायूं से मुरादाबाद, नोएडा, दिल्ली: भगत सिंह चौकी से बिसौली, सहसवान, गुन्नौर होकर।
बदायूं से फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर: रोडवेज बस स्टैंड से पुलिस लाइन चौराहा, दातागंज तिराहा, दातागंज, बेलाडांडी, जैतीपुर, मदनापुर, जलालाबाद होकर।
बदायूं से एटा, अलीगढ़, आगरा, मथुरा: जालंधरी सराय रोड से शेखूपुर, कादरचौक, कादराबाद होकर।
इन 17 प्वाइंट्स पर तैनात रहेगी पुलिस
वाहनों का रूट डायवर्ट करने के लिए जिले भर में 17 प्वाइंट बनाए गए हैं। इनमें सहसवान में कछला मार्ग, मुजरिया चौराहा, उझानी बड़ा बाईपास, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा, नौशेरा तिराहा, बिल्सी मोड़ तिराहा, एआरटीओ चौराहा, सरदार पटेल चौक, आंवलाकुंवरगांव चौराहा, बीआरबी तिराहा, सरदार भगत सिंह चौक, दातागंज तिराहा, मझिया मोड़, केशव चौकी, डहरपुर, म्याऊं तिराहा और जालंधरी सराय चौराहा शामिल हैं। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। यहां यातायात व सामान्य पुलिस तैनात रहेगी। कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर प्लान में बदलाव भी किया जा सकता है।
आपात स्थिति के लिए महत्वपूर्ण नंबर
कांवड़ यात्रियों और आम जनता की सुविधा के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं:
पुलिस अधीक्षक नगर: 9454401022
क्षेत्राधिकारी यातायात: 9454401317
जिला नियंत्रण कक्ष: 9454402956
प्रभारी यातायात: 8218940661