
बरेली/मुजफ्फरनगर। सावन महीने में शुरू हुई कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बरेली में मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कांवड़ यात्रा2026 की तैयारियों की समीक्षा की, वहीं मुजफ्फरनगर में यात्रा मार्गों पर स्थित मांस की दुकानों और मांसाहारी भोजन परोसने वाले प्रतिष्ठानों को 12 अगस्त तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बरेली में मुख्य सचिव और डीजीपी ने दिए सख्त निर्देश
मुख्य सचिव और डीजीपी ने बरेली पहुंचकर बरेली एवं मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की। बैठक में बरेली जोन के नौ जिलों में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और दुर्घटना रहित यात्रा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, शरारती तत्वों पर नजर रखने और कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कांवड़ शिविरों में सुविधाओं पर जोर
समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कांवड़ शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं बेहतर रखी जाएं। मुख्य सचिव और डीजीपी ने बताया कि पूरे सावन माह में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहेगी। यात्रा मार्गों और प्रमुख शिवालयों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा, डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी, डीआईजी मुरादाबाद रेंज मुनिराज जी समेत दोनों मंडलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।
मुजफ्फरनगर में मांस की दुकानों पर रोक, शराब दुकानों पर पर्दे लगाने के निर्देश
उधर, मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा मार्गों पर स्थित मांस की सभी दुकानों और मांसाहारी भोजन परोसने वाले रेस्तरां, ढाबों व अन्य प्रतिष्ठानों को 12 अगस्त तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यात्रा मार्गों पर स्थित शराब की दुकानें खुली रहेंगी, लेकिन उन्हें पर्दों से ढककर संचालित किया जाएगा। जिले में ऐसी 113 शराब दुकानों को पर्दों से ढक दिया गया है। सहायक आयुक्त अर्चना धीरन ने बताया कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल और एटीएस तैनात
कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए मुजफ्फरनगर में भारी पुलिस बल के साथ आतंकवाद रोधी दस्ता भी तैनात किया गया है। पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सावन में श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए अपनेअपने क्षेत्रों में पहुंचते हैं और शिव मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। इस बार कांवड़ यात्रा 11 अगस्त को संपन्न होगी।