
Image Source : INDIA TV
नाश्ते में हेल्दी और टेस्टी खाना है तो आप सूजी और दही को मिलाकर अप्पे बना सकते हैं। अप्पे बहुत कम ऑयल में बनकर तैयार हो जाते हैं। अप्पे में आप अपनी पसंद की सब्जियां डालकर तैयार कर सकते हैं। सबसे खास बात ये है कि एक बार में ढेर सारे अप्पे बनकर तैयार हो जाते हैं। जिससे आपका पूरा परिवार नाश्ता कर सकता है। अप्पे बच्चों को भी पसंद आते हैं। आप उन्हें टिफिन में बनाकर भी दे सकते हैं। वैसे तो सॉस या चटनी के साथ अप्पे खाए जाते हैं, लेकिन अगर समय कम है तो आप इन्हें बिना चटनी के सिर्फ हल्का फ्राई करके भी खा सकते हैं। फटाफट नोट कर लें अप्पे की ये आसान रेसिपी।
सूजी अप्पे रेसिपी
पहला स्टेप- अप्पे बनाने के लिए 1 कप सूजी लें और उसमें दही और थोड़ा पानी मिलाकर 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें। अप्पे बनाने में कम से कम आधा कप से ज्यादा गाढ़ा दही लगेगा। आप दही को पतला करके भी डाल सकते हैं।
दूसरा स्टेप- अब घोल में अपने पसंद से बारीक कटी सब्जियां जैसे प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, शिमला मिर्च, गाजर मिला सकते हैं। घोल में नमक मिला दें। जब तैयार किए गए घोल को अप्पे के सांचे में डालें उससे पहले 1 ईनो का पाउच डाल दें। ईनो की जगह बेकिंग पाउडर या सोडा का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
तीसरा स्टेप- अप्पे मेकर को हल्का गर्म करें और उसे ग्रीस कर लें। अब सारे सांचे में बैटर को डालकर कवर करके पकाएं। जब एक तरफ से अप्पे सिंक जाएं तो उन्हें पलट दें। दोनों तरफ से अप्पे को सेंक लें। करीब 5-7 मिनट में अप्पे बनकर तैयार हो जाएंगे। निकालकर गर्मागरम सर्व करें।
चौथा स्टेप- आप चाहें तो अप्पे में राई, करी पत्ता और सूखी लाल मिर्च से तड़का भी लगा सकते हैं। इस तरह आप मिनटों में हेल्दी नाश्ता तैयार कर सकते हैं। अप्पे में बहुत कम ऑयल का इस्तेमाल होता है। इसलिए वेट लॉस करने वाले भी इसे आसानी से खा सकते हैं।



