
बाराबंकी, अमृत विचार। जिला कृषि अधिकारी राजित राम ने गुरुवार को विकासखंड निंदूरा के बड्डूपुर, भवानीपुर, भगौली तीर्थ और गंगचैली क्षेत्र के 12 उर्वरक बिक्री केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान मेसर्स एच.आर. फर्टिलाइजर्स , शिव खाद भंडार और सिंह खाद भंडार बंद मिलने पर उनके उर्वरक विक्रय प्राधिकारपत्र निलंबित कर दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कुर्सीमहमूदाबाद रोड पर एक ऑटो में लदी 10 बोरी यूरिया की भी जांच की गई। किसान रजनीश कुमार निवासी टिकरा ने बताया कि उन्होंने अपने सहित रेखा कुमारी और राम प्रताप के नाम पर फार्मर रजिस्ट्री के अनुसार कुल 10 बोरी यूरिया खरीदी है, जिसके बाद जांच में मामला सही पाया गया।
जिला कृषि अधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को बिना टैगिंग के निर्धारित मूल्य पर पीओएस मशीन से उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि अधिक कीमत वसूलने या टैगिंग की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।