Unnao News: महिला से चेन लूटने वाले गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार

Unnao News: महिला से चेन लूटने वाले गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार
Unnao News: महिला से चेन लूटने वाले गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार

उन्नाव, अमृत विचार। दही थानाक्षेत्र के आवास विकास कालोनी मोहल्ला स्थित पार्क में महिला से हुई चेन स्नेचिंग की घटना का पुलिस और सर्विलांस टीम ने खुलासा किया है। शुक्रवार देररात बस्ती खेड़ा मोड़ के पास हुई मुठभेड़ में एक 25 हजार का इनामी शातिर लुटेरा पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दबोच लिया। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पार्क में टहल रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने की लूटपाट  

पुलिस के अनुसार, बीती 26 जुलाई को आवास विकास पार्क में टहल रही महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली थी। इस मामले में पुलिस टीम लगातार सुराग जुटा रही थी। शुक्रवार देररात करीब 11:30 बजे मुखबिर की सूचना पर दही पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम ने बस्ती खेड़ा मोड़ पर चेकिंग शुरू की। तभी पुरवा की ओर से आ रहे एक बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का इशारा किया गया तो बदमाशों ने भागने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।

पुलिस कार्रवाई में बदमाश घायल 

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा, वहीं दूसरे को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान असलम उर्फ टांडा पुत्र रफीक हसन निवासी बखरिया थाना मोहम्मदपुर खाला बाराबंकी घायल और मोहम्मद अतीक उर्फ राजू उर्फ काजू पुत्र स्व. मुस्तफा निवासी भदमरा थाना रेउसा सीतापुर के रूप में हुई। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने घायल असलम के कब्जे से आवास विकास से लूटी गई सोने की चेन, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, एक तमंचा, खोखा और कारतूस बरामद किया है। वहीं दूसरे अभियुक्त अतीक से लखनऊ के पारा थानाक्षेत्र से लूटी गई एक अन्य चेन बरामद हुई है।

दर्जनों मुकदमों में वांछित हैं दोनों शातिर

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़ा गया घायल अभियुक्त असलम टांडा बेहद शातिर किस्म का पेशेवर अपराधी है। जिस पर लखनऊ, बाराबंकी व सीतापुर के विभिन्न थानों में लूट, गैंगस्टर एक्ट और जानलेवा हमले के कुल 28 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी अतीक पर भी 20 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़ें : 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *