T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है और इसी के साथ पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स के खिलाफ अपना पहला मुकाबला जीत लिया। नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत के बाद पाकिस्तान अब भारत के खिलाफ खेलने के लिए भी तैयार हो गया पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने आईसीसी के सामने कुछ शर्तें रखी हैं।
अब आप सोच रहे होंगे कि कल तक जो पाकिस्तान इस बात से टस से मस नहीं हो रहा था कि वो भारत के खिलाफ 15 फरवरी को टी20 विश्व कप में नहीं खेलेगा वही पाकिस्तान अचानक इस बात के लिए राजी कैसे हो गया। क्या है पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी का नया प्लान आइए जानते हैं।
पाकिस्तान ने किया बायकॉट का ड्रामा
भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप मैच को लेकर विवाद जल्द सुलझने की उम्मीद है। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल से सालाना फंडिंग में बढ़ोतरी की मांग कर सकता है। रविवार को पाकिस्तानी सरकार ने घोषणा की थी कि उसकी टीम 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के विरुद्ध टी20 वर्ल्ड कप ग्रुप-स्टेज मैच नहीं खेलेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, इस कदम से वर्ल्ड क्रिकेट को 250 मिलियन डॉलर से ज्यादा का नुकसान हो सकता है।
PCB ने ICC से क्या मांग की?
सूत्र ने ‘टेलीकॉमएशियाडॉटनेट’ को बताया, “पाकिस्तान के कड़े रुख ने उन्हें कुछ चीजों के लिए मोलभाव करने की बेहतर स्थिति में ला दिया है, जो पिछले कई वर्षों से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मांग रही है। चूंकि, पाकिस्तान सबसे ज्यादा पैसे कमाने वाले मैच में एक अहम हिस्सा है, इसलिए उन्हें ज्यादा फंडिंग मिलनी चाहिए।”
T20 World Cup में हो सकता है भारत-पाक मैच
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मध्यस्थों को संकेत दिया है कि अगर उनकी मांगें मान ली जाती हैं तो वे पाकिस्तान सरकार को मना लेंगे। PCB आईसीसी के साथ बैकडोर बातचीत कर रहा है, जिसमें सिंगापुर क्रिकेट एसोसिएशन के इमरान ख्वाजा और ओमान के पंकज खिमजी मध्यस्थ के तौर पर शामिल हैं। टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि टी20 वर्ल्ड कप के सबसे ज्यादा रेवेन्यू जेनरेट करने वाले मैच को आगे बढ़ाने के लिए अब एक समाधान नजर आ रहा है।



