ICC-PCB Meeting in Lahore, BCB: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और आईसीसी के बीच विवाद के कारण ही बांग्लादेश क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गई। जिसके बाद से ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भी इस विवाद में कूद गया और भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले को ही खेलने से मना कर दिया।
ये विवाद अब रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। इस विवाद को खत्म करने के लिए आईसीसी अधिकारी पाकिस्तान के लाहौर में पीसीबी के साथ मीटिंग करने पहुंचे हैं ताकि इस विवाद का कुछ हल निकाला जा सके। इस मीटिंग से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल भी लाहौर पहुंच चुके हैं।
BCB अध्यक्ष पहुंचे लाहौर
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के दो रिप्रेजेंटेटिव इमरान ख्वाजा और मुबाशिर उस्मानी इस समय लाहौर में मौजूद हैं। वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के साथ चर्चा कर रहे हैं ताकि 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच को कराया जा सके। ये बैठक पीसीबी की ओर से इंविटेशन पर हो रही है।
इसके अलावा, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल भी लाहौर में मौजूद हैं। वह पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी से मिले हैं और आईसीसी की बैठक में हिस्सा ले रहे हैं क्योंकि बांग्लादेश भी इस विवाद से जुड़ा हुआ है।
बांग्लादेश ने किया था भारत आने से मना
बांग्लादेश की ओर से सुरक्षा कारणों के चलते भारत में मैच खेलने से इनकार करने के बाद टूर्नामेंट से हटा दिया गया था और उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया था। जिसके बाद ही पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच ना खेलने का ऐलान किया था। ऐसे में BCB के अध्यक्ष का पाकिस्तान पहुंचना काफी चौंकाने वाला है क्योंकि दोनों बोर्ड मिलकर आईसीसी के सामने इस मैच के बदले कुछ डिमांड भी रख सकते हैं।
बांग्लादेश को होगा फायदा?
दरअसल, पाकिस्तान ने बांग्लादेश के लिए समर्थन दिखाते हुए ही भारत के खिलाफ मैच ना खेलने का फैसला किया था। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और ICC की इस मीटिंग में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का शामिल होना कई सवाल उठाता है।
माना जा रहा है कि पाकिस्तान इस बातचीत में भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए मान जाता है तो बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को भी फायदा करवा सकता है। जैसे टूर्नामेंट में हिस्सा ना लेने पर जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई, ICC सेंट्रल रेवेन्यू में पहले से ज्यादा हिस्सेदारी और फिर अगले टी20 वर्ल्ड कप में सीधी एंट्री। हालांकि, ये सब अभी तक कयास ही है।



