SCO vs ITA, Italy captain injured: टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू कर रही इटली टीम के लिए पहला ही मुकाबला डरावनी तस्वीर लेकर आया। स्कॉटलैंड के खिलाफ खेले जा रहे मैच में इटली के कप्तान वेन मैडसन के साथ बीच मैदान ऐसा हादसा हुआ, जिसने खिलाड़ियों से लेकर दर्शकों तक को झकझोर दिया।
मैच के दौरान फील्डिंग करते हुए मैडसन गंभीर रूप से चोटिल हो गए। गेंद को रोकने के लिए लगाई गई एक जोरदार डाइव उनके लिए भारी पड़ गई और वह दर्द से कराहते हुए मैदान पर छटपटाते नजर आए, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।
स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले में इटली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। स्कॉटलैंड के बल्लेबाज तेजी से रन बटोर रहे थे और इटली के फील्डर्स हर रन बचाने के लिए जान लगा रहे थे। इसी कोशिश में कप्तान वेन मैडसन ने एक शॉट रोकने के लिए डाइव लगाई, लेकिन उनका बायां कंधा बुरी तरह चोटिल हो गया।
डाइव के बाद मैडसन जमीन पर गिर पड़े और साफ दिख रहा था कि दर्द काफी ज्यादा है। कंधा अपनी जगह से खिसकने की आशंका जताई जा रही है। फिजियो तुरंत मैदान पर पहुंचे और प्राथमिक उपचार के बाद मैडसन को मैदान से बाहर ले जाया गया। उनकी हालत देखकर इटली कैंप में चिंता साफ नजर आई।
मैडसन मैदान से बाहर जाने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वह बल्लेबाजी के लिए लौट पाएंगे या नहीं। कप्तान का इस तरह चोटिल होना इटली के लिए बड़ा झटका है, खासकर तब जब टीम अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप मैच खेल रही हो।
42 साल के वेन मैडसन एक अनोखी पहचान रखते हैं। वह साल 2006 में दक्षिण अफ्रीका की ओर से हॉकी वर्ल्ड कप खेल चुके हैं और अब क्रिकेट के टी20 वर्ल्ड कप में इटली का नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं मैच की बात करें तो स्कॉटलैंड के बल्लेबाजों ने इटली के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया, जॉर्ज मुन्से ने आक्रामक अंदाज में रन बनाते हुए स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाया।



