सिर्फ 5वीं पास, लेकिन साइबर ठगी से बना करोड़पति! 24 लोगों की गैंग खड़ी कर देशभर में फैला रखा था जाल..

सिर्फ 5वीं पास, लेकिन साइबर ठगी से बना करोड़पति! 24 लोगों की गैंग खड़ी कर देशभर में फैला रखा था जाल..
सिर्फ 5वीं पास, लेकिन साइबर ठगी से बना करोड़पति! 24 लोगों की गैंग खड़ी कर देशभर में फैला रखा था जाल..

अलवर पुलिस ने ‘साइबर संग्राम अभियान 3.0’ के तहत एक ऐसे शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसकी कहानी चौंका देने वाली है। महज 5वीं तक पढ़ा 20 वर्षीय शौकीन कुछ साल पहले आर्थिक तंगी में था, लेकिन साइबर ठगी के दम पर करोड़ों की संपत्ति खड़ी कर ली।

ऐसे बनाया करोड़ों का साम्राज्य

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 24 सदस्यों की गैंग बना रखी थी, जो फर्जी सिम कार्ड, म्यूल बैंक अकाउंट और ऑनलाइन फ्रॉड का पूरा नेटवर्क चलाती थी। ठगी के पैसों से उसने कार, मकान और कृषि भूमि तक खरीद ली। पुलिस ने उसकी ब्रेजा कार भी जब्त कर ली है।

मेडिकल इमरजेंसी और सस्ते कपड़ों के नाम पर ठगी

गिरोह सोशल मीडिया पर मेडिकल इमरजेंसी का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठता था। इसके अलावा महिलाओं के लिए सस्ते सूट-सलवार बेचने के फर्जी विज्ञापन डालकर खुद को कपड़ा फैक्ट्री का मालिक बताता और लोगों से ऑनलाइन भुगतान करवाकर ठगी करता था।

खुद के नाम पर नहीं था मोबाइल या सिम

जांच में सामने आया कि आरोपी ने कभी भी अपने नाम से मोबाइल या सिम कार्ड नहीं खरीदा। उसके पास से मिले मोबाइल, सिम और बिल दूसरे लोगों के नाम पर थे। पुलिस को शक है कि फर्जी सिम सप्लाई करने वाला बड़ा नेटवर्क भी इस गैंग से जुड़ा हुआ है।

पहले भी दर्ज हो चुका था केस

दो साल पहले आरोपी के खिलाफ साइबर ठगी का मामला दर्ज हुआ था, लेकिन जांच आगे नहीं बढ़ पाई। बाद में चंडीगढ़ में दर्ज एक मामले से उसके पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

कई राज्यों में फैला था जाल

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह जम्मू-कश्मीर, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों के लोगों को निशाना बना चुका है। अब फरार साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस का बड़ा अभियान

20 जुलाई से 4 अगस्त तक चले विशेष अभियान में अलवर पुलिस ने:

  • 33 साइबर केस दर्ज किए
  • 39 आरोपियों को गिरफ्तार किया
  • ₹37.67 लाख की ठगी की रकम होल्ड कराई
  • ₹6.55 लाख पीड़ितों को वापस दिलवाए

पुलिस का कहना है कि 15 अगस्त से पहले जिले के बड़े साइबर अपराधियों पर कार्रवाई और उनकी अवैध संपत्ति जब्त करने का अभियान जारी रहेगा।

ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *