
बरेली, अमृत विचार। दुनिया भर में श्रीमद्भागवत गीता का ज्ञान बांट रहीं बरेली की गीताव्रती डॉ. किरण रानी सक्सेना ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गीता के सामूहिक सस्वर पाठ में शामिल होकर उन्होंने ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में अपना नाम दर्ज करा लिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड समिति की तरफ से बुधवार को डॉ. किरण को प्रशस्ति पत्र और मेडल भेजकर सम्मानित किया गया।
एक लाख लोगों ने एक साथ किया गीता पाठ
हरिद्वार के सेंट्रल चिन्मय ट्रस्ट की ओर से 9 मई 2026 को श्रीमद्भागवत गीता के सस्वर पाठ का भव्य ऑनलाइन आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में: दुनिया भर से करीब एक लाख लोगों ने ऑनलाइन जुड़कर हिस्सा लिया। भारत से इस सामूहिक गीता पाठ में 8277 लोग शामिल हुए। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ गीता पाठ करने के कारण ही इस आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया है।
700 श्लोक कंठस्थ कर बनीं ‘गीताव्रती’
डॉ. किरण अयोध्या श्री राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गुरुजी के ‘गीता परिवार’ से जुड़ी हुई हैं। उन्हें श्रीमद्भागवत गीता के सभी 700 श्लोक पूरी तरह से कंठस्थ हैं। उनकी इस अद्भुत क्षमता और समर्पण के लिए गीता परिवार की तरफ से उन्हें ‘गीता व्रती’ की उपाधि से नवाजा गया है।
ऑनलाइन बांट रहीं गीता का निशुल्क ज्ञान
डॉ. किरण रानी सक्सेना सिर्फ गीता का पाठ ही नहीं करतीं, बल्कि दूसरों को भी इसका ज्ञान दे रही हैं। वह गीता परिवार की ऑनलाइन कक्षाओं में ‘मुख्य प्रशिक्षक’ के रूप में सेवाएं दे रही हैं। गीता परिवार की तरफ से पढ़ाए जाने वाले ये सभी पाठ्यक्रम पूरी तरह निशुल्क हैं, जिनमें दुनिया भर से बड़ी संख्या में लोग जुड़कर गीता का अध्ययन कर रहे हैं। डॉ. किरण ने गीता परिवार के जिज्ञासु, पाठक, पथिक और गीता विचक्षण जैसे अहम पाठ्यक्रमों को भी पूरा किया है। इससे पहले भी डॉ. किरण कुरुक्षेत्र में एक हजार अन्य गीताव्रतियों के साथ श्रीमद्भागवत गीता का सस्वर पाठ कर चुकी हैं। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उनकी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से पूरे बरेली शहर में खुशी की लहर है।
ये भी पढ़ें