Bareilly News : BKU नेता मोहम्मद शोएब की संदिग्ध मौत, 2 अन्य युवकों की हालत गंभीर

Bareilly News : BKU नेता मोहम्मद शोएब की संदिग्ध मौत, 2 अन्य युवकों की हालत गंभीर
Bareilly News : BKU नेता मोहम्मद शोएब की संदिग्ध मौत, 2 अन्य युवकों की हालत गंभीर

बरेली, अमृत विचार। बहेड़ी कस्बे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां भारतीय किसान यूनियन महात्मा के प्रदेश महासचिव मोहम्मद शोएब की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वहीं, उनके साथ मौजूद दो अन्य युवक भी बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। चिकित्सकों ने इसे प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्वाइजनिंग का मामला बताया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।

अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक, 5 अगस्त की रात बहेड़ी निवासी मोहम्मद शोएब समेत तीन युवकों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। देर रात जब एक युवक की हालत ज्यादा गंभीर हो गई, तो परिजन आननफानन में तीनों को इलाज के लिए बरेली के एसआरएमएस अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मोहम्मद शोएब को मृत घोषित कर दिया। उनके साथ लाए गए दो अन्य युवक, सलीम और नदीम अभी भी बेहोशी की हालत में हैं और उनका इलाज जारी है।

संगठन के हस्तक्षेप के बाद देर रात हुआ पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। हालांकि, देर होने के कारण तत्काल पोस्टमार्टम नहीं हो पा रहा था। इसके बाद भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष दुर्गेश मौर्य अपनी टीम के साथ उच्च अधिकारियों से मिले। उनकी पहल पर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर देर रात ही पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिवार के साथ खड़ा है संगठन
इस दुखद घटना के बाद अस्पताल में संगठन के प्रदेश सचिव दानिश बाबा, समाजसेवी समीर, इस्लाम उर्फ वीरान, यूनुस अंसारी समेत कई लोग पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। जिलाध्यक्ष दुर्गेश मौर्य ने भरोसा दिलाया कि यह संगठन का कठिन समय है और वे मोहम्मद शोएब के परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई: पुलिस
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना बहेड़ी क्षेत्र के तीन युवकों को एसआरएमएस अस्पताल लाया गया था। शोएब मृत अवस्था में लाए गए थे, जबकि दो अन्य बेहोश हैं। चिकित्सकों ने इसे संदिग्ध प्वाइजनिंग का मामला बताया है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। अन्य दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा।

ये भी पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *