
: सोनहा थाना क्षेत्र के सेखुई गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए कमरे में रखा बक्सा खोलकर जेवरात और नगदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह परिजनों के जागने पर हुई, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सेखुई गांव निवासी केशराम चौधरी पुत्र भगवती के मकान में पीछे बनी घारी के रास्ते चोर घर के अंदर दाखिल हुए। चोरों ने कमरे में रखा बड़ा बक्सा खोलकर उसमें रखे जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
शुक्रवार सुबह जब परिजन उठे तो कमरे का दरवाजा और बक्सा खुला मिला। बक्से में रखा सामान जमीन पर बिखरा पड़ा था। चोरी की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
पीड़ित की सूचना पर यूपी-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
केशराम चौधरी ने बताया कि गुरुवार रात भोजन करने के बाद परिवार के लोग बरामदे में सो गए थे। उनकी पत्नी और छोटी बेटी अंदर कमरे में सो रही थीं, जबकि बड़ी बेटी खुशबू ने कमरे में ताला लगाकर चाबी तकिये के नीचे रख दी थी।
आरोप है कि शुक्रवार भोर में चोर पीछे के रास्ते से घर में घुसे और चाबी निकालकर कमरे का ताला खोल दिया। इसके बाद बक्सा खोलकर उसमें रखे एक जोड़ी पायल, सोने की कान की बाली, चैन, मंगलसूत्र, कान का झाला, सुई-धागा सहित अनाज बेचकर रखे 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी है।