
उन्नाव, अमृत विचार। लखनऊकानपुर एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सड़क धंसने और जगहजगह गड्ढों के बाद अब एक्सप्रेसवे की मुख्य सड़क पर छुट्टा मवेशियों के पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। शनिवार को किमी संख्या 51.1 के पास मुख्य मार्ग पर मवेशियों का बड़ा झुंड बेखौफ घूमता दिखाई दिया। तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक मवेशियों के आने से चालकों में अफरातफरी मच गई।
अचानक सामने आया मवेशियों का झुंड
शनिवार को एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने किमी 51.1 के पास सड़क के बीचोंबीच छुट्टा मवेशियों का झुंड देखा। इस दौरान दोनों ओर से तेज रफ्तार वाहन गुजर रहे थे। अचानक मवेशियों के सामने आने पर कई चालकों को तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाना पड़ा। अचानक ब्रेक लगाने से कई वाहन आपस में टकराने से बालबाल बच गए। गनीमत रही कि किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है। वाहन चालकों का कहना है कि यदि किसी चालक का वाहन से नियंत्रण जरा भी बिगड़ता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सड़क की खराबी के बाद अब मवेशियों से बढ़ा खतरा
राहगीरों और वाहन चालकों के मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर पहले से ही सड़क धंसने और गड्ढों जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। ऐसे में मुख्य मार्ग पर मवेशियों का पहुंचना खतरे को और बढ़ा रहा है। वाहन चालकों का आरोप है कि एक्सप्रेसवे प्रबंधन और गश्ती टीम की लापरवाही के कारण मवेशी मुख्य सड़क तक पहुंच रहे हैं। तेज रफ्तार यातायात वाले एक्सप्रेसवे पर मवेशियों की मौजूदगी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
लखनऊकानपुर एक्सप्रेसवे पर लगातार सामने आ रही तकनीकी और सुरक्षा संबंधी कमियों के बीच मुख्य मार्ग पर मवेशियों का घूमना भी चिंता का विषय है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। राहगीरों ने एक्सप्रेसवे प्रबंधन से गश्त बढ़ाने और मवेशियों को मुख्य मार्ग से तत्काल हटाने की मांग की है, ताकि किसी गंभीर हादसे को रोका जा सके।