
अयोध्या, अमृत विचार: आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय का 28वां दीक्षांत समारोह सोमवार को परिसर स्थित एग्री बिजनेस मैनेजमेंट के प्रेक्षागृह में समारोह पूर्वक मनाया जाएगा। दीक्षांत समारोह के मद्देनजर गेट नंबर एक से लेकर प्रशासनिक भवन तक विश्वविद्यालय दूधिया रोशनी में जगमगा रहा है। सोमवार को कुलाधिपति 24 मेधावियों को 25 स्वर्ण पदक देंगी। दीक्षा समारोह के अवसर पर 774 छात्रछात्राओं को उपाधि प्रदान किया जाएगा। दीक्षा समारोह का शुभारंभ सुबह 10 बजे से होगा। राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल समारोह की अध्यक्षता करेंगी।
सचिव, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग, भारत सरकार एवं आईसीएआर नई दिल्ली के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट दीक्षांत समारोह को बतौर मुख्यअतिथि संबोधित करेंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही व कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख समारोह को संबोधित करेंगे। रिहर्सल से पूर्व तैयारियों का जायजा लेने के लिए कुलपति डाॅ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह समारोह स्थल पहुंचे। मंच व्यवस्था, पार्किंग स्थल आदि विषयों पर बातचीत की और अधिकारियों को अहम दिशानिर्देश भी दिए।
रविवार को विश्वविद्यालय परिसर में पूरे समारोह का पूर्वाभ्यास किया गया। पूर्वाभ्यास के दौरान दीक्षांत समारोह की प्रत्येक प्रक्रिया को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार परखा गया। शैक्षणिक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें कुलपति, संकायाध्यक्ष, शिक्षक एवं अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। शोभायात्रा समारोह स्थल एबीएम सभागार पहुंची, जहां मंचीय कार्यक्रमों का क्रमवार रिहर्सल किया गया। इस दौरान का भी पूर्वाभ्यास किया गया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। छात्राओं ने कुलगीत और राष्ट्रगीत की प्रस्तुति देकर समारोह की गरिमा और अनुशासन का अभ्यास किया।
उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के मंच पर आने, उपाधि ग्रहण करने तथा स्वर्ण पदक प्राप्त करने की प्रक्रिया को पूरा किया गया। संकायाध्यक्षों ने विद्यार्थियों को उपाधि प्राप्ति की शपथ दिलाने का पूर्वाभ्यास किया। उपाधि और स्वर्ण पदक पाने वाले छात्रछात्राओं में उत्साह दिखाई दिया। समारोह की प्रत्येक गतिविधि को तय समय और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार दोहराया गया।
कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने अपने प्रतिवेदन को पढ़ा। पूर्वाभ्यास के दौरान स्कूली बच्चों को द्वारा बड़ा नीक लागे हमरा देशवा के माटी गाने पर पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति ने सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। बच्चों ने जल संरक्षण विषय पर काव्य गीत की प्रस्तुति दी।
दीक्षांत समारोह का होगा लाइव प्रसारण
कृषि विवि में होने वाले 28वें दीक्षांत समारोह का लाइव प्रसारण होगा। घर बैठे लोग समारोह के दौरान हो रहे क्षणप्रतिक्षण कार्यक्रम को देख सकेंगे। कार्यक्रम अधिकारी डा. वी.के. सिंह ने बताया कि यूट्यूब के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जायेगा।
एक घंटे पहले ग्रहण करना होगा स्थान
दीक्षांत समारोह का शुभारंभ सुबह 10 बजे से होगा। सभी आमंत्रित आगंतुकों को हर हाल में 9 बजे तक एग्री बिजनेस मैनेजमेंट के सभागार में स्थान ग्रहण करना होगा। सभी आगंतुकों को पहचान के लिए अपने साथ पहचान पत्र/आमंत्रण कार्ड लाना अनिवार्य होगा।
आगंतुकों को यहां पार्क करने होंगे वाहन
विवि के सुरक्षा अधिकारी डाॅ. रमेश प्रताप सिंह ने बताया कि दीक्षांत समारोह में पहुंचने वाले लोगों के लिए पार्किंग की जगह निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय के समस्त स्टाफ को अपने वाहन कृषि महाविद्यालय में पार्क करना होगा। वीआईपी, वीवीआईपी व पत्रकार को अपने वाहनों की पार्किंग पशु चिकित्सा महाविद्यालय की तरफ करनी होगी। अऩ्य वाहनों की पार्किंग कुलपति आवास मुख्य गेट के पूरब की तरफ गंगा तथा यमुना छात्रावास की तरफ करना होगा।