
अमृत विचार : रामपुर के शाहबाद में एक दिलदहलाने वाली घटना सामने आई है। एक पिता को अपनी बेटी के साथ छेड़खानी की कानूनी लड़ाई भारी पड़ गई। आरोपियों ने पीड़िता के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतक के भाई, ग्राम प्रधान पति समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने इलाके को झकझोर दिया है
घटनाक्रम शाहबाद क्षेत्र के एक गांव का है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। एक व्यक्ति ने 23 मई को गांव के ही युवक पर अपनी नाबालिग बेटी के साथ बलात्कार के प्रयास का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि मुकदमे के बाद उन पर समझौते का दबाव पड़ा। जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। लेकिन वह फिर भी न्याय के लिए डटे रहे।
आरोप है कि रविवार सुबह आरोपियों ने लड़की के पिता को खेत पर बुलाया और वहां गोली मारकर हत्या कर दी। इससे इलाके में हलचल मच गई। पुलिस पहुंची। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर शाम पुलिस ने मृतक के बेटे की ओर से ग्राम प्रधान पति संजीव, पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह, शिवा, आकाश, ऋषिपाल, संजय, सत्यवीर, निगम और आदित्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। फॉरेंसिक टीम ने सीएचसी और घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।
जेब से मिले पत्र ने उलझाया
पुलिस को मृतक की जेब से एक पत्र मिला है। जिसमें इस बात का जिक्र है कि मृतक के बड़े भाई समेत कई लोग लगातार मुकदमे में समझौते का दबाव बना रहे थे। समझौता न करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। कोई रास्ता नजर न आने पर उसने खुद को गोली मार ली। शुरू में पुलिस इसी पहलू को मानकर छानबीन कर रही थी। लेकिन बेटे की ओर से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
राजेश की मौत से टूटा परिवार
किसान की गोली लगने से मौत के बाद नाबालिग बेटा फूटफूटकर रोने लगा। गुस्से में उसने पुलिसकर्मियों के सामने आरोपियों के परिवार के खिलाफ बदला लेने की बात कही। उसने कहा कि पिता की मौत का बदला लेने के लिए चाहे उसे अपनी पूरी जमीन ही क्यों न बेचनी पड़े। बेटे के आक्रोश को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर शांत कराया। घटना के बाद परिवार में मातम के साथ तनाव का माहौल बना हुआ है।
दो दिन पहले मृतक पर लगा था छेड़छाड़ का आरोप
दरोगा सुमित ने बताया कि सात अगस्त को दूसरे पक्ष की ओर से मरने वाले व्यक्ति के खिलाफ प्रार्थना पत्र मिला था। इसमें उनकी बेटी से छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया था। इस मामले में व्यक्ति को बुलाया गया था। जिस पर उसने अपनी ओर से दर्ज एफआईआर की प्रति दी थी।
पुलिस अधीक्षक अनिल सिसोदिया ने कहा कि मृतक ने पहले गांव के ही एक युवक के खिलाफ अपनी बच्ची के साथ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था। हालांकि, वह एफआईआर में दर्ज बीएनएस की धाराओं से सहमत नहीं थे, तो विवेचना क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी। शुक्रवार को दूसरे पक्ष ने राजेश के खिलाफ भी छेड़छाड़ की तहरीर दी थी। रविवार को गोली सीने में लगने की बात सामने आई है। परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।