Barabanki News : 51 लीटर जल लेकर औसानेश्वर निकले कांवरिए, 300 भक्तों की कांवड़ यात्रा में गूंजे ‘बम भोले’ के जयकारे

Barabanki News : 51 लीटर जल लेकर औसानेश्वर निकले कांवरिए, 300 भक्तों की कांवड़ यात्रा में गूंजे ‘बम भोले’ के जयकारे
Barabanki News : 51 लीटर जल लेकर औसानेश्वर निकले कांवरिए, 300 भक्तों की कांवड़ यात्रा में गूंजे ‘बम भोले’ के जयकारे

सुबेहा/सूरतगंज, बाराबंकी, अमृत विचार। सावन के दूसरे सोमवार को बाराबंकी में शिवभक्ति का रंग देखने को मिला। जिले के अलगअलग क्षेत्रों से कांवड़ यात्राएं निकाली गईं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कहीं भक्त कांधे पर 51 लीटर जल लेकर औसानेश्वर धाम के लिए रवाना हुए तो कहीं करीब 300 कांवरियों ने सरयू नदी से जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

51 लीटर जल लेकर औसानेश्वर के लिए निकली कांवड़ यात्रा

सुबेहा: नगर पंचायत सुबेहा के सुलेमानपुर स्थित काली माता मंदिर से सोमवार को गाजेबाजे के साथ कांवड़ यात्रा निकाली गई। कांवरियों ने कांधे पर 51 लीटर जल लेकर पैदल औसानेश्वर मंदिर के लिए प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान ‘हरहर महादेव’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। चौधरी का पुरवा पेट्रोल पंप के पास भाजपा नेता अवधेश सिंह चंदेल और राकेश सिंह के नेतृत्व में कांवरियों का स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं को जलपान भी कराया गया।

इस दौरान नगर अध्यक्ष देवी दीन रावत, प्रधान प्रतिनिधि सोनू सिंह, सभासद गिरजा रावत, जयप्रकाश, प्रदीप गुप्ता, राधेश्याम यादव, उमेश मिश्रा, दिनेश सोनी, सुनील सिंह, लवकुश द्विवेदी, विपिन मौर्य और बंधु रावत समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।

सरयू जल लेकर 300 कांवरियों ने निकाली शोभायात्रा

सूरतगंज: हेतमापुर स्थित सरयू नदी से सोमवार को कांवड़ यात्रा शुरू हुई। करीब 300 कांवरियों ने सरयू जल लेकर शोभायात्रा निकाली। यात्रा पंडितपुरवा, अटहरी चौराहा, लालपुर करौता और बल्लापुर होते हुए कुड़वा बल्लोपुर स्थित पंचमुखी बालाजी धाम पहुंची। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। यहां स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का जलाभिषेक किया। महामंडलेश्वर राघवदास महाराज के नेतृत्व में निकली यात्रा में भक्त पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए।

पुष्पवर्षा के बीच झूमते रहे श्रद्धालु

कांवड़ यात्रा के रास्ते में जगहजगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया और पुष्पवर्षा की गई। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच कांवरिए ‘बम भोले’ और भगवान शिव की महिमा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। जलाभिषेक के बाद मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। यात्रा के दौरान मनीष सोनी ने श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की। इस मौके पर प्रधान दिनेश यादव, प्रेम तिवारी, ज्ञानू शुक्ला, लवकुश मिश्रा, विजय शुक्ला, अरविंद शुक्ला और नरपति सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *