Etawah News : महिला सिपाही ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, परिजनों ने पति पर लगाए ये गंभीर आरोप

Etawah News : महिला सिपाही ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, परिजनों ने पति पर लगाए ये गंभीर आरोप
Etawah News : महिला सिपाही ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, परिजनों ने पति पर लगाए ये गंभीर आरोप

इटावा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में सैफई थाने में तैनात महिला सिपाही प्रियंका की जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई। घटना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन आवास की बताई जा रही है। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पति से विवाद के बाद जहरीला पदार्थ खाने की बात

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति से विवाद के बाद महिला सिपाही ने सल्फास खा लिया था। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक प्रियंका रविवार को खरीदारी के लिए संडे बाजार गई थीं। घर लौटने में कुछ देर होने को लेकर उनका पति रजत से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद रजत घर से बाहर चला गया। करीब एक घंटे बाद जब वह वापस लौटा तो प्रियंका कमरे में अचेत अवस्था में मिलीं। इसके बाद पति ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

2019 में पुलिस सेवा में हुई थीं भर्ती

रजत ने पुलिस को बताया कि उसने करीब तीन वर्ष पहले प्रियंका से प्रेम विवाह किया था। दोनों मूल रूप से सहारनपुर के रहने वाले हैं। प्रियंका वर्ष 2019 में पुलिस सेवा में भर्ती हुई थीं। रजत के मुताबिक रविवार शाम ड्यूटी से लौटने के बाद प्रियंका पुलिस लाइन स्थित आवास पर आई थीं और इसके बाद उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया।

परिजनों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

घटना की जानकारी मिलने के बाद सहारनपुर से प्रियंका के परिजन इटावा पहुंचे। परिजनों ने पति रजत पर दहेज हत्या, आर्थिक प्रताड़ना और वेतन हड़पने के आरोप लगाए हैं। मृतका के पिता नाथीराम का आरोप है कि शादी के बाद से ही रजत उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था और उसके वेतन पर निर्भर था। उन्होंने आरोप लगाया कि रजत प्रियंका पर बारबार कर्ज लेने का दबाव भी बनाता था। परिजनों के मुताबिक प्रियंका का 30 जून 2023 को सहारनपुर के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के सीखेड़ा गांव निवासी रजत के साथ विवाह हुआ था। पिता का आरोप है कि शादी के समय करीब चार लाख रुपये नकद और घरेलू सामान दिया गया था। बेटी की शादी के लिए परिवार को दो बीघा खेत भी बेचना पड़ा था।

वेतन और कर्ज को लेकर भी लगाए आरोप

नाथीराम ने आरोप लगाया कि शादी के बाद रजत उनकी बेटी को मायके वालों से फोन पर बात करने से रोकता था और उसके वेतन की रकम भी निकाल लेता था। परिजनों के अनुसार प्रियंका के नाम करीब 10 लाख रुपये का ऋण कराया गया था, जिसे कुछ माह पहले चुकाया गया था। इसके बाद दोबारा ऋण लेने का दबाव बनाए जाने का भी आरोप है।

प्रियंका की दो बेटियां, परिजनों ने बताए पारिवारिक हालात

परिजनों के मुताबिक प्रियंका की तीन और एक वर्ष की दो बेटियां हैं। छोटी बेटी के जन्म के बाद प्रियंका करीब आठ माह तक मायके में रही थीं और लगभग दो माह पहले ही ससुराल लौटी थीं। परिजनों ने बताया कि छोटी बेटी को रजत के पिता अपने साथ ले गए थे और वह उनके पास रह रही है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *