UP Weather : यूपी में सामान्य से 21% कम बारिश, मुजफ्फरनगर में 138 MM बरसा पानी; जानें अगले 24 घंटे का हाल

UP Weather : यूपी में सामान्य से 21% कम बारिश, मुजफ्फरनगर में 138 MM बरसा पानी; जानें अगले 24 घंटे का हाल
UP Weather : यूपी में सामान्य से 21% कम बारिश, मुजफ्फरनगर में 138 MM बरसा पानी; जानें अगले 24 घंटे का हाल

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता के बीच सोमवार को पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश हुई, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश सीमित रही। एक जून से 10 अगस्त तक प्रदेश में कुल 341.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 430.9 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सोमवार को प्रदेश में औसतन 3.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य 7.4 मिलीमीटर के मुकाबले 53 प्रतिशत कम है।

पश्चिमी यूपी में मुजफ्फरनगर में सबसे ज्यादा बारिश

सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औसतन 5.7 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य 7.4 मिलीमीटर से 22 प्रतिशत कम है। वहीं, पूर्वी यूपी में औसत बारिश महज 1.8 मिलीमीटर रही, जो सामान्य 7.5 मिलीमीटर के मुकाबले 76 प्रतिशत कम है। पश्चिमी यूपी में मुजफ्फरनगर में सबसे ज्यादा 138 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सहारनपुर में 27.6, महोबा में 18, गौतमबुद्धनगर में आठ, जालौन में 5.8, झांसी में पांच और औरैया में 2.5 मिलीमीटर बारिश हुई।

ललितपुर में सामान्य से 659 फीसदी ज्यादा बारिश

ललितपुर में सोमवार को 70.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। यहां इस दिन सामान्य बारिश महज 9.3 मिलीमीटर है। इस लिहाज से ललितपुर में सामान्य से 659 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर में 5.8, चित्रकूट में 19.3, प्रयागराज में 9.7, कौशांबी में 8.8, कानपुर नगर में तीन, हरदोई में 3.9 और बांदा में 4.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मेरठ में अब तक सामान्य से 75% अधिक बारिश

एक जून से 10 अगस्त तक के संचयी आंकड़ों में पश्चिमी यूपी के मेरठ में 670.3 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह सामान्य 382.6 मिलीमीटर से 75 प्रतिशत अधिक है। मुजफ्फरनगर में अब तक 653.3 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 66 प्रतिशत अधिक है। संभल में 642.7 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो सामान्य से 67 प्रतिशत अधिक है।हालांकि सहारनपुर में अब तक 340 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य 460.8 मिलीमीटर से 26 प्रतिशत कम है।

गोरखपुर में 549.4 MM बारिश, जौनपुर सबसे पीछे

पूर्वी यूपी में अब तक सबसे अधिक बारिश गोरखपुर में 549.4 मिलीमीटर दर्ज हुई है। महाराजगंज में 526.2, मिर्जापुर में 517.6, बहराइच में 512.9 और चित्रकूट में 485.7 मिलीमीटर बारिश हुई है। चित्रकूट में संचयी बारिश सामान्य से सात प्रतिशत और मिर्जापुर में दो प्रतिशत अधिक है। इसके विपरीत जौनपुर में सिर्फ 130.3 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य 400.5 मिलीमीटर से 67 प्रतिशत कम है। देवरिया में 132, कुशीनगर में 151.1, मऊ में 165, फतेहपुर में 184.6 और रायबरेली में 127.7 मिलीमीटर बारिश हुई है।

पीलीभीत में सामान्य से 74% कम बारिश

पश्चिमी यूपी में पीलीभीत में अब तक केवल 129 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य 501 मिलीमीटर के मुकाबले 74 प्रतिशत कम है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। गाजियाबाद में 123, शामली में 125.6 और अमरोहा में 213.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

लखनऊ में उमस बरकरार, तापमान 34 डिग्री के करीब

राजधानी लखनऊ में सोमवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा। सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक लखनऊ में 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 88 और न्यूनतम 75 प्रतिशत रही।

अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ और आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटे आसमान में सामान्यत बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 35 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

प्रदेश के मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश या गरजचमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी यूपी में भी छिटपुट स्थानों पर बारिश और गरजचमक के आसार हैं। फिलहाल मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।

कई जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर

सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। लखीमपुर खीरी में 36, फतेहपुर में 36.2, बस्ती में 36, उरई में 35.2, अयोध्या में 35 और वाराणसी बीएचयू में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, भारी बारिश के चलते मुजफ्फरनगर में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *