
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। लोधेश्वर महादेवा में सावन के दूसरे सोमवार को उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की स्थिति बनी रही। शाम को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रेलवे पटरी से गुजरने के दौरान ट्रेन आने की सूचना पर रेलवे कर्मचारियों को लाल झंडी लगाकर ट्रेन रोकनी पड़ी।
श्रद्धालुओं को पटरी से हटाकर रास्ता खाली कराने के बाद रेलवे फाटक बंद किया गया और ट्रेन को आगे रवाना किया गया। केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण जाम के साथ दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
जानिए क्या बोले लोग
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि लोधेश्वर महादेवा में वर्षभर आवागमन रहता है, जबकि सावन और प्रमुख मेलों में भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए यहां रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण जरूरी है।