Pilibhit News : दहेज उत्पीड़न से परेशान विवाहिता 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी, ससुरालियों पर कार्रवाई की मांग

Pilibhit News : दहेज उत्पीड़न से परेशान विवाहिता 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी, ससुरालियों पर कार्रवाई की मांग

बीसलपुर, अमृत विचार। दहेज उत्पीड़न से परेशान एक विवाहिता मंगलवार सुबह करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर चढ़कर उसने ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिसप्रशासन में खलबली मच गई। एसडीएम नागेंद्र पांडे और कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। विवाहिता को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए अधिकारी उससे बातचीत कर समझाने में जुटे हैं।

बता दें कि बीसलपुर के मोहल्ला पटेल नगर निवासी पूरनलाल की पुत्री मनीषा की शादी बिलसंडा क्षेत्र के दियोरिया खुर्द गांव निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुरालियों ने दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। बाद में उसे घर से निकाल दिया गया। इस मामले में विवाहिता के मायके पक्ष की ओर से एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। कार्रवाई से बचने के लिए बाद में ससुराल पक्ष ने समझौता कर लिया और विवाहिता को अपने साथ ले गए। मायके वालों ने भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार काफी सामान ससुराल में दिया। आरोप है कि इसके बावजूद कुछ समय बाद फिर से विवाहिता का उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। तीन दिन पहले उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। आरोप है कि वह शिकायत लेकर बिलसंडा थाने पहुंची, लेकिन वहां उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद वह अपने मायके आकर रहने लगी। मंगलवार सुबह वह अचानक घर से निकली और करीब एक किलोमीटर दूर मोहल्ला दुर्गाप्रसाद में गोपी टाकीज के पीछे स्थित करीब 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई।

विवाहिता के टावर पर चढ़ने की सूचना पर मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। अधिकारी विवाहिता से बातचीत कर रहे हैं और ससुरालियों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें

ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *