
Image Source : FREEPIK
रोटी भारतीय भोजन का अहम हिस्सा है। हममें से ज्यादातर लोग रात के वक्त रोटी खाना पसंद करते हैं। वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो दिन के वक्त भी रोटी का सेवन करते हैं। ज्यादातर लोग रात को रोटी इसलिए खाते हैं क्योंकि यह आसानी से पच जाता है। कुछ लोग अपनी क्वांटिटी से ज्यादा भी का लेते हैं, जिसकी वजह से पेट से जुड़ी समस्याएं होने लगती है। लेकिन सवाल ये है कि रात को कितनी रोटी खानी चाहिए? एम्स के डॉक्टर अमरिंदर सिंह मल्ही बता रहे हैं कि रात को महिलाओं और पुरुषों को कितनी रोटी खानी चाहिए।
मात्रा तय करने वाले 3 मुख्य कारक
शारीरिक गतिविधि
अगर आपका काम दिन भर डेस्क पर बैठने का है, तो रात को कम कैलोरी की जरूरत होती है। वहीं, अगर आप जिम जाते हैं या मेहनत वाला काम करते हैं, तो शरीर को अधिक ऊर्जा चाहिए।
पाचन शक्ति
रात के समय हमारा मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है। बहुत अधिक रोटी खाने से पेट फूलना या भारीपन महसूस हो सकता है।
रोटी का आकार और अनाज
एक मध्यम आकार की गेहूं की रोटी में लगभग 70-100 कैलोरी होती है। यदि आप मिस्सी रोटी या मल्टीग्रेन रोटी खाते हैं, तो यह आपको ज्यादा समय तक तृप्त रखती है।
रात में कितनी रोटी खाना है हैल्दी
डॉक्टर अमरिंदर सिंह मल्ही का कहना है कि पुरुषों को रात के समय में 3 रोटी खानी चाहिए जबकि महिलाओं को 2 रोटी खानी चाहिए। इससे ज्यादा रोटी आपके वजन को बढ़ा सकती है और पेट से जुड़ी समस्याओं का भी कारण बन सकती है।



