गजब! कॉफी पी, नहाया, लुंगी डांस किया और 4.71 लाख की बाइक ले उड़ा चोर… CCTV में कैद पूरी करतूत

गजब! कॉफी पी, नहाया, लुंगी डांस किया और 4.71 लाख की बाइक ले उड़ा चोर… CCTV में कैद पूरी करतूत

Varanasi News: उत्तर प्रदेश में वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित एक ऑटोमोबाइल शोरूम में चोरी का बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक सिरफिरे चोर ने प्रीमियम बाइक एजेंसी के शीशे वाले दरवाजे को कटर से काटा और अंदर दाखिल हो गया. इसके बाद उसने करीब साढ़े चार घंटे तक शोरूम के अंदर जमकर मौज काटा. उसने वहां कॉफी पी, वॉशरूम में नहाया, म्यूजिक चलाकर बाइक के कवर की लुंगी बनाकर डांस किया और अंत में शोरूम मैनेजर की करीब 4.71 लाख रुपये मूल्य की ब्रांड न्यू KTM एडवेंचर 390 एस बाइक लेकर रफूचक्कर हो गया. यह पूरी अजीबोगरीब वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसे देखकर पुलिस और शोरूम मालिक भी दंग रह गए.

​शोरूम के जनरल मैनेजर रोहित कुमार सिंह के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे स्टाफ शोरूम बंद करके घर चला गया था. उनकी तीन महीने पुरानी केटीएम बाइक चाबी के साथ अंदर ही खड़ी थी. रात करीब 11:30 बजे हाथ में देवी माता की तस्वीर लिए सफेद शर्ट और जींस पहने एक युवक शोरूम के बाहर पहुंचा. बारिश शुरू होने पर उसने बाहर लगा बैनर फाड़कर ओढ़ा और कटर से कांच का दरवाजा काटना शुरू कर दिया. लगभग 36 मिनट की मशक्कत के बाद, रात 12:06 बजे वह एजेंसी के अंदर घुसने में कामयाब रहा.

शोरूम के अंदर किया लुंगी डांस

​अंदर पहुंचते ही चोर का अंदाज बिल्कुल किसी मालिक जैसा हो गया. उसने सबसे पहले रिसेप्शन पर रखा कंप्यूटर ऑन किया और रिवॉल्विंग चेयर पर बैठकर काफी देर तक गोलगोल घूमता रहा. इसके बाद उसने मिनी फ्रिज से ठंडा पानी निकालकर पिया और फिर खुद के लिए मशीन से गरमागरम कॉफी बनाकर चुस्कियां लीं. हद तो तब हो गई जब वह बेफिक्र होकर शोरूम के वॉशरूम में गया और आराम से नहाया. नहाने के बाद उसने अपने गीले कपड़े बाइक पर सुखाने के लिए फैला दिए. इसके बाद उसने वहां रखी एक नई बाइक के कवर को फाड़कर लुंगी की तरह लपेटा, कंप्यूटर पर गाने बजाए और लंबे समय तक लुंगी डांस करता रहा.

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

​शोरूम से जाने से पहले शातिर चोर ने एजेंसी की ब्रांडेड टीशर्ट और कैप पहनी, बाइक का एक नया कवर उठाया और सुबह करीब 4 बजे मैनेजर की कीमती केटीएम बाइक स्टार्ट कर हवा में गायब हो गया. सुबह जब सिक्योरिटी गार्ड ने टूटा हुआ कांच देखा और मैनेजर को सूचना दी, तब जाकर इस फिल्मी चोरी का खुलासा हुआ. घटना की सूचना मिलते ही मंडुआडीह थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांचपड़ताल शुरू कर दी है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। मंडुआडीह थाना प्रभारी अजय वर्मा का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और फिंगरप्रिंट्स की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *