
बल्दीराय/सुलतानपुर। बल्दीराय तहसील क्षेत्र के डेहरियावा गांव की बेटी मुस्कान सिंह ने शैक्षिक क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। हलियापुर स्थित श्री बलदेव सिंह भालेसुलतान महाविद्यालय की छात्रा मुस्कान ने डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या की बीए परीक्षा में 3600 में 3285 अंक यानी 91.25 प्रतिशत अंक हासिल किए।
विश्वविद्यालय की वर्ष 2026 की पदक तालिका में मुस्कान का चयन कुलपति स्वर्ण पदक और सेठ हारिका दास झुनझुनवाला स्वर्ण पदक के लिए किया गया। बीए पाठ्यक्रम में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर दीक्षांत समारोह में उन्हें राज्यपाल द्वारा स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
गांव से पढ़ाई कर विश्वविद्यालय में बनाई पहचान
मुस्कान बल्दीराय क्षेत्र के डेहरियावा गांव निवासी अखंड प्रताप सिंह की पुत्री हैं। उन्होंने कक्षा छह से 12वीं तक की शिक्षा श्रीमती सुंदरा देवी बलदेव सिंह इंटर कॉलेज, हलियापुर से पूरी की। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसके बाद श्री बलदेव सिंह भालेसुलतान महाविद्यालय से बीए की पढ़ाई पूरी कर विश्वविद्यालय स्तर पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
उपलब्धि पर परिवार और कॉलेज में खुशी
मुस्कान की इस उपलब्धि से महाविद्यालय, परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय के प्रबंधक एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख रवींद्र प्रताप सिंह, निदेशक अमितेश सिंह सहित परिजनों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीण क्षेत्र की बेटी की यह उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।