Barabanki News : वक्फ संपत्तियों की कमाई में करोड़ों का खेल! अनियमितता के आरोपों से मचा हड़कंप, डीएम से SIT जांच की मांग

Barabanki News : वक्फ संपत्तियों की कमाई में करोड़ों का खेल! अनियमितता के आरोपों से मचा हड़कंप, डीएम से SIT जांच की मांग

फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। फतेहपुर तहसील क्षेत्र की वक्फ संपत्तियों से होने वाली आय में करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाते हुए मोहल्ला नालापार उत्तरी निवासी मो. जमीर अंसारी, आदिल मुनीर, मो. शकील आदि ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया है। शिकायतकर्ताओं ने द मुस्लिमआना फंड तहसील फतेहपुर की संपत्तियों, दुकानों, कृषि भूमि, बागों और अन्य स्रोतों से होने वाली आय की जांच के लिए एसआईटी गठित करने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार वर्ष 1936 में तहसील की मस्जिदों और संबंधित वक्फ संपत्तियों का इंद्राज द अन्जुमन मुस्लिमआना फंड के अंतर्गत कराया गया था। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। वर्तमान में नगर क्षेत्र में करीब 14 वक्फ संपत्तियां हैं। इनमें मुंशीगंज स्थित अन्जुमन मार्केट की 97 दुकानें, करीब 1600 वर्गफीट का जिम, वक्फ सफदर अली की आठ, वक्फ रुकैय्या खातून की पांच, किला मस्जिद की 21, दर्जियान मस्जिद की 21, जामा मस्जिद की 13 और सतबुर्जी मस्जिद की आठ दुकानें शामिल होने का दावा किया गया है।

कृषि भूमि और बागों की आय पर भी सवाल

शिकायतकर्ताओं ने बकरी मंडी की आय, दुकानों के किराये व हस्तांतरण, करीब 3540 मकानों पर कथित कब्जे तथा ग्राम सैनवासी में जामा मस्जिद के नाम करीब 50 बीघा कृषि भूमि से लगभग 10 लाख रुपये सालाना आय का पूरा हिसाब सार्वजनिक न किए जाने का आरोप लगाया है। ग्राम शेखपुर के आम के बाग और अन्य भूमि की आय को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

1995 के बाद आयव्यय की बैठकों पर उठाए सवाल

आरोप है कि वर्ष 1995 के बाद आयव्यय की नियमित बैठक और पदाधिकारियों के चुनाव पारदर्शी तरीके से नहीं हुए। हिसाब मांगने पर गालीगलौज और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं ने वक्फ संपत्तियों की स्थिति, किराये, पट्टे, कब्जे, आयव्यय और बैंक खातों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि आरोपों से संबंधित साक्ष्य जांच एजेंसी के समक्ष उपलब्ध कराए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *