
कानपुर, अमृत विचार: कानपुर में टेबल टेनिस का बड़ा राष्ट्रीय आयोजन होने जा रहा है। टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के सत्र 202627 की प्रथम UTT राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन 16 से 23 अगस्त तक TSH , कानपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता की मेजबानी उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ को मिली है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से करीब 3,000 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, तकनीकी अधिकारी और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। आयोजकों ने प्रतियोगिता को यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
28 अंतरराष्ट्रीय मानक की टेबल पर भिड़ेंगे खिलाड़ी
उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के सचिव अरुण कुमार बनर्जी ने बताया कि TSH में स्टैग ग्लोबल की अंतरराष्ट्रीय मानक वाली 28 रोमा टेबल लगाई जाएंगी। इसके अलावा दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र शो कोर्ट होगा, जहां प्रमुख मुकाबले खेले जाएंगे। TSH परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की फ्लोरिंग, एरिना, अंपायर टेबल, टॉवल स्टैंड समेत आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सीएम योगी को किया गया आमंत्रित
आयोजन समिति के चेयरमैन और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संजीव पाठक ने बताया कि चैंपियनशिप के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सादर आमंत्रित किया गया है। हाल ही में उनसे शिष्टाचार भेंट कर प्रतियोगिता की तैयारियों और आयोजन की जानकारी दी गई। इस दौरान उन्हें स्टैग की मिनी टेबल टेनिस टेबल स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की गई।
केरल के एन. गणेशन होंगे प्रतियोगिता प्रबंधक
TTFI ने केरल के एन. गणेशन को प्रतियोगिता प्रबंधक और दिल्ली के ए.एस. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। क्लेर को रेफरी नियुक्त किया है। वहीं TSH को राष्ट्रीय चैंपियनशिप का स्थल सहयोगी बनाया गया है। आयोजकों के मुताबिक, कई वर्षों बाद कानपुर में राष्ट्रीय रैंकिंग स्तर की इतनी बड़ी टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। इसे भारतीय टेबल टेनिस के इतिहास की उत्कृष्ट और यादगार प्रतियोगिताओं में शामिल करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
खेल सुविधाओं का बड़ा केंद्र बनकर उभरा TSH
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेलों को बढ़ावा देने की सोच के तहत विकसित TSH कानपुर में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। खेलो इंडिया और स्मार्ट सिटी मिशन के तहत विकसित इस परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं।
आयोजकों का कहना है कि राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के लिए TSH का चयन उसकी आधुनिक सुविधाओं और आयोजन क्षमता पर भरोसे को दर्शाता है। इससे पहले भी यहां विभिन्न खेलों की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित हो चुकी हैं। प्रेस वार्ता में अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी गीता टंडन कपूर, TSH के सीईओ प्रणीत अग्रवाल, कानपुर टेबल टेनिस संघ के सचिव संजय टंडन, सह सचिव सुनील सिंह और आशुतोष सत्यम झा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।