
रायबरेली, अमृत विचार। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के बराइन गांव में अवैध संबंधों का विरोध करना एक किसान को भारी पड़ गया। आरोप है कि उसकी पत्नी और सगी बेटी ने मिलकर उसकी हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया। पुलिस ने लगभग चार सप्ताह पुराने कंकालनुमा शव को बरामद कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार बराइन गांव निवासी छोटेलाल खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का भरणपोषण करते थे। परिवार में उनकी पत्नी, करीब 20 वर्षीय बेटी और 22 वर्षीय पुत्र सतीश हैं। बीते 17 जुलाई को छोटेलाल अचानक लापता हो गए थे। पुत्र सतीश ने काफी तलाश के बाद जब पिता का कोई सुराग नहीं पाया तो हरचंदपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पत्नी और बेटी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने जब बेटी की कॉल डिटेल खंगाली तो एक व्यक्ति से लगातार लंबी बातचीत के साक्ष्य मिले। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर मांबेटी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार छोटेलाल अपनी बेटी के अवैध संबंधों का विरोध करते थे। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया और मांबेटी ने मिलकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गांव के पास एक नाले में फेंक दिया गया था।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि आरोपितों की निशानदेही पर कंकाल में तब्दील हो चुके शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।