
मनकापुर/गोंडा, अमृत विचार: सावन मेले में दर्शनपूजन के लिए अयोध्या गए मनकापुर क्षेत्र के 21 वर्षीय युवक की सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई। पहचान न होने पर अयोध्या पुलिस ने मृतक का फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। फोटो मनकापुर क्षेत्र के व्हाट्सएप ग्रुपों में पहुंचा तो परिजनों ने हाथ पर बने टैटू के जरिए युवक की पहचान कर ली।
पचपुती जगतापुर के मजरा कुट्टिया निवासी शिवपूजन पुत्र बाबूराम 9 अगस्त को अकेले सावन मेले में घूमने और दर्शनपूजन के लिए अयोध्या गया था। अगले दिन 10 अगस्त को सरयू घाट पर स्नान के दौरान वह गहरे पानी में डूबने लगा। पुलिस ने उसे नदी से बाहर निकालकर गंभीर हालत में अयोध्या के श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद अयोध्या पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए महाकाल सेवा संस्थान की मर्चरी में रखवा दिया। काफी प्रयास के बावजूद पहचान नहीं हो सकी तो पुलिस ने मृतक का फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। मनकापुर पुलिस ने भी फोटो को क्षेत्र के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कराया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। फोटो सामने आते ही शिवपूजन के परिजनों ने उसके हाथ पर बने टैटू को देखकर पहचान कर ली। इसके बाद उन्होंने मनकापुर पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने परिजनों को अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि थाना भेजा, जहां उन्होंने शव की शिनाख्त की। आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। देर शाम गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार किया गया। थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर ने बताया कि अयोध्या पुलिस की ओर से मृतक का फोटो सोशल मीडिया पर जारी किया गया था। मनकापुर क्षेत्र के व्हाट्सएप ग्रुपों में फोटो प्रसारित होने के बाद परिजनों ने युवक की पहचान कर ली।