कुत्ते के टॉयलेट करने पर टोका… तो बौखला गया मालिक, युवक को 5 बार चाकू घोंपकर मार डाला

कुत्ते के टॉयलेट करने पर टोका… तो बौखला गया मालिक, युवक को 5 बार चाकू घोंपकर मार डाला

Telangana News: तेलंगाना के खम्मम शहर से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. जहां पालतू कुत्ते के शौच करने जैसी मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ गया कि एक 24 साल के बेकसूर युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी. क्षणिक गुस्से में अंजाम दी गई इस खौफनाक वारदात से रंगनायकुला गुट्टा इलाके के निवासी पूरी तरह स्तब्ध और सहमे हुए हैं. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.

यह सनसनीखेज वारदात खम्मम थ्री टाउन पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रंगनायकुला गुट्टा इलाके की है. 24 वर्षीय मृतक दांडेती श्रीनाथ पेशे से फ्लेक्सी बोर्ड लगाने का काम करता था. गुरुवार रात करीब 10:30 बजे वह अपने घर के पास खड़ी एक ऑटो में बैठा हुआ था. इसी दौरान उसी इलाके का रहने वाला 28 वर्षीय वेमुला मधु अपने पालतू कुत्ते को सड़क पर घुमा रहा था. तभी कुत्ते ने उस ऑटो के ठीक पास शौच कर दिया जहां श्रीनाथ बैठा हुआ था.

ऑटो के पास गंदगी होते देख श्रीनाथ ने मधु पर कड़े शब्दों में आपत्ति जताई. देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और तीखी बहस होने लगी. गुस्से में आगबबूला होकर मधु तुरंत पास में स्थित अपने घर भागा और वहां से एक तेजधार चाकू ले आया. उसने बिना सोचेसमझे श्रीनाथ पर ताबड़तोड़ 5 बार चाकू से वार कर दिए.

खून से लथपथ नहर में गिरा, अस्पताल में घोषित किया गया मृत

चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल श्रीनाथ जान बचाने के लिए भागा, लेकिन कुछ ही दूरी पर स्थित एक नहर में खून से लथपथ होकर गिर पड़ा और बेहोश हो गया. चीखपुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे बदहवास हालत में खम्मम के सरकारी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही थ्री टाउन पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर भिजवा दिया गया है.

पुलिस का बयान: “न दुश्मनी थी, न नशा… सिर्फ गुस्से का नतीजा”

मामले की जानकारी देते हुए खम्मम के एसीपी ने बताया कि मृतक श्रीनाथ और आरोपी मधु के बीच न तो पहले से कोई पहचान थी और न ही किसी तरह की पुरानी रंजिश. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। शुरुआती जांच में यह भी साफ हुआ है कि घटना के समय आरोपी या मृतक के गांजा या किसी अन्य नशीले पदार्थ के प्रभाव में होने की बात सामने नहीं आई है. यह पूरी वारदात महज कुत्ते के शौच को लेकर हुए अचानक और क्षणिक विवाद का दुखद नतीजा थी. पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और फरार आरोपी वेमुला मधु की तलाश में जगहजगह छापेमारी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *