
छिबरामऊ/कन्नौज, अमृत विचार। सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के राजा ईंट भट्ठे के पास खेत में छिड़काव की दवा लेने जा रहे अभिषेक राजपूत को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ट्रैक्टर के पिछले पहिए में बुरी तरह फंस गया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर का पहिया खोलकर युवक के शव को बाहर निकाला। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। जब पुलिस शव को अपनी निजी गाड़ी से अस्पताल ले जाने लगी, तो परिजन भड़क गए। उन्होंने गाड़ी को घेरकर शव कब्जे में ले लिया और सड़क पर रखकर हंगामा व पुलिस से तीखी नोकझोंक की। बाद में छिबरामऊ इंस्पेक्टर कपिल दुबे, चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल सिंह और जिला पंचायत सदस्य प्रमोद राजपूत की समझाने के बाद मामला शांत हुआ, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक पाँच भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी शादी को 15 महीने हुए थे। उसकी 3 माह की एक मासूम बेटी है। घटना के बाद से पत्नी व परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।