Sambhal News : संभल में आजादी का जश्न मातम में बदला, बच्चों से भरा छज्जा भरभराकर गिरा; 8 साल के मासूम की मौत

Sambhal News : संभल में आजादी का जश्न मातम में बदला, बच्चों से भरा छज्जा भरभराकर गिरा; 8 साल के मासूम की मौत

संभल, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। असमोली क्षेत्र के मदाला फतेहपुर गांव स्थित अलहसनैन पब्लिक स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे में दबकर आठ वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गए।

बच्चों के वजन से अचानक भरभराकर गिरा छज्जा

जानकारी के मुताबिक शनिवार को स्कूल में ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहे थे। कार्यक्रम देखने के लिए कई बच्चे स्कूल के छज्जे पर चढ़ गए थे, जबकि कुछ बच्चे छज्जे के नीचे भी खड़े थे। बताया गया कि बच्चों का वजन अधिक होने के कारण अचानक छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया। छज्जे के नीचे खड़े बच्चे मलबे में दब गए। हादसे के बाद स्कूल परिसर में चीखपुकार मच गई।

मलबे में दबकर 8 साल के निजामुद्दीन की मौत

हादसे में मोहम्मद नईम के आठ वर्षीय बेटे निजामुद्दीन की मलबे में दबने से मौत हो गई। वहीं सैफ अली और सैदाना घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे लोगों ने राहतबचाव शुरू किया और मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकाला। घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डीएमएसपी समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल, पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई, बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली। स्वतंत्रता दिवस के जश्न के दौरान हुए इस हादसे से इलाके में शोक की लहर है। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *