
राज्यसभा चुनाव (2026) को लेकर आरजेडी की ओर से प्रत्याशी उतारा गया है. इस चुनाव से पहले आज (मंगलवार) तेजस्वी यादव अपने आवास पर पार्टी के विधायकों के साथ बैठक कर रहे हैं. आलोक मेहता, भोला यादव सहित तमाम नेता पहुंचे. तेजस्वी यादव राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी के नेताओं संग मथन करेंगे. इस बीच आरजेडी के लिए एक बुरी खबर है. दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने इस बैठक से दूरी बना ली है.
तेजस्वी यादव की इस बैठक को लेकर एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि हमें इसकी कोई खबर नहीं है. तेजस्वी यादव की पारिवारिक बैठक है. एक सवाल पर कहा कि ये तेजस्वी यादव से पूछिए कि उनको हमारी जरूरत है क्या? उनको जरूरत पड़ेगी उसके बाद हम लोग फैसला करेंगे.
‘दिल्ली से आने के बाद तेजस्वी यादव से नहीं हुई बात’
अख्तरुल ईमान ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए छह उम्मीदवार हैं तो चुनाव होगा. तेजस्वी यादव की इच्छा थी कि हम लोग समर्थन करें और हम लोगों की है को वो हमारा करें. हमने तेजस्वी यादव से कहा था कि उच्च सदन में हम लोगों का कोई नहीं है. इस पर तेजस्वी यादव ने कहा था कि हम दिल्ली से आकर बात करेंगे. वे दिल्ली से आए, लेकिन अब तक कोई बात नहीं हो पाई है.
एआईएमआईएम के विधायक इस बैठक में शामिल हो रहे हैं या नहीं. इस पर कहा कि हमें कोई सूचना ही नहीं है तो पार्टी के विधायकों की आरजेडी की बैठक में शामिल होने का सवाल ही कहां पैदा होता है. आगे क्या करेंगे इस पर कहा कि कल का मौसम कैसा होगा उसके अनुसार हम लोग देखेंगे. चुनाव में हम लोग कैसे रहेंगे केंद्रीय नेतृत्व से बात करेंगे. एक-दूसरे से विचार करके चलने का ये जमाना है. हम लोग नए सिरे से सोचेंगे.
बता दें कि एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए बिहार से लगभग एक प्रत्याशी को 41 वोटों की जरूरत है. महागठबंधन के सारे दलों को मिलाकर सिर्फ 35 विधायक ही हो रहे हैं. ऐसे में देखना होगा कि आरजेडी प्रत्याशी की जीत कैसे होती है.



