Maharajganj News : वन स्टॉप सेंटर से ‘चकमा’ देकर भागी किशोरी, पुलिस ने तलाश कर दबोचा; दो महिला पुलिसकर्मी सस्पेंड

Maharajganj News : वन स्टॉप सेंटर से ‘चकमा’ देकर भागी किशोरी, पुलिस ने तलाश कर दबोचा; दो महिला पुलिसकर्मी सस्पेंड

महराजगंज, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के महराजगंज में महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वन स्टॉप सेंटर से फरार हुई 17 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। किशोरी के फरार होने के मामले में थाना कोतवाली महराजगंज में उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर एक महिला हेड कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

15 अगस्त को वन स्टॉप सेंटर से हुई थी फरार

पुलिस के अनुसार, बृजमनगंज थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 13 जुलाई 2026 को अपनी 17 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत पुलिस से की थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने किशोरी को 14 अगस्त को सिद्धार्थनगर के बांसी बस स्टैंड से बरामद किया। आवश्यक चिकित्सीय और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोरी को नियमानुसार महराजगंज स्थित वन स्टॉप सेंटर में दाखिल कराया गया। हालांकि, 15 अगस्त को किशोरी नित्य क्रिया के बहाने चकमा देकर वन स्टॉप सेंटर से फरार हो गई।

सूचना मिलते ही शुरू हुई तलाश

किशोरी के फरार होने की सूचना मिलते ही थाना बृजमनगंज पुलिस और वन स्टॉप सेंटर की टीम ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। दोनों टीमों के समन्वित प्रयास से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि किशोरी की बरामदगी के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ड्यूटी में लापरवाही पर दो महिला पुलिसकर्मी निलंबित

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि वन स्टॉप सेंटर से किशोरी के फरार होने के मामले में थाना कोतवाली महराजगंज में किशोरी के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर एक महिला हेड कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *