
Junaid Khan Film Ek Din: बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के बेटे जुनैद खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म एक दिन को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनके साथ साउथ की लोकप्रिय अभिनेत्री साई पल्लवी नजर आने वाली हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। इसी बीच आमिर खान ने एक इंटरव्यू में अपने बेटे जुनैद के करियर और उनके फैसलों को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा की हैं।
एक इंटरव्यू के दौरान आमिर खान ने बताया कि घर में वह अपने बच्चों के साथ पिता से ज्यादा दोस्त की तरह रहते हैं। उन्होंने कहा कि जुनैद, इरा और छोटे बेटे आजाद के साथ उनका रिश्ता काफी खुला और दोस्ताना है। आमिर ने अपने बेटे की तारीफ करते हुए कहा कि जुनैद बिल्कुल उनकी तरह हैं और उन्हें सिनेमा की अच्छी समझ है। उन्होंने कहा कि जुनैद स्क्रिप्ट, एडिटिंग और फिल्मों की बारीकियों को बहुत अच्छे से समझते हैं।
क्या पिता से सलाह लेते हैं जुनैद
आमिर खान ने इस दौरान यह भी खुलासा किया कि जुनैद अपने करियर के फैसले खुद लेते हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा फिल्म साइन करने से पहले उनसे सलाह नहीं लेता। आमिर ने कहा कि जुनैद को उन्होंने बचपन में शतरंज खेलना सिखाया था। जब वह चार साल के थे, तब उन्होंने खेलना शुरू किया और 18 साल की उम्र में पहली बार आमिर को हरा दिया। उसके बाद से आज तक आमिर उन्हें शतरंज में नहीं हरा पाए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद यही वजह है कि जुनैद अपने फैसले भी खुद ही लेते हैं।
क्या एक दिन और सैयारा की कहानी मिलती-जुलती है
फिल्म एक दिन को लेकर यह भी चर्चा हो रही थी कि इसकी कहानी सैयारा से मिलती-जुलती हो सकती है। लेकिन आमिर खान ने इस बात से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि एक क्लासिक लव स्टोरी है, जो काफी समय बाद दर्शकों को देखने को मिलेगी। आमिर ने यह भी बताया कि फिल्म का कुछ हिस्सा जापान में शूट किया गया है और इसकी वजह फिल्म देखने पर दर्शकों को समझ आएगी।
फिल्म के बारे में खास बातें
एक दिन का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है। फिल्म को , मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस प्रोजेक्ट के जरिए साई पल्लवी बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म की कहानी स्नेहा देसाई और स्पंदन मिश्रा ने लिखी है, जबकि संगीत राम संपत ने दिया है और गीत इरशाद कामिल ने लिखे हैं।



